सेंट पीटर्स स्कूल में आयोजित हुई “निःशुल्क संगीत जागरूकता एवं इंटरैक्टिव कार्यशाला”
फरीदाबाद। भूपानी, फरीदाबाद स्थित सतयुग दर्शन ट्रस्ट (रजि.) द्वारा संचालित सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र (प्रयाग संगीत समिति, प्रयागराज से मान्यता प्राप्त) के तत्वावधान में सेंट पीटर्स स्कूल में विद्यार्थियों के लिए “निःशुल्क संगीत जागरूकता एवं इंटरैक्टिव कार्यशाला” का सफल आयोजन किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संगीत के प्रति रुचि जागृत करना, उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना, नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करना तथा भारतीय सांगीतिक विरासत से परिचित कराना था। कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संगीत की आधारभूत अवधारणाएँ—स्वर, लय, ताल, सप्तक, नियमित रियाज़ का महत्व, संगीत का वैज्ञानिक एवं मनोवैज्ञानिक प्रभाव, व्यक्तित्व विकास, एकाग्रता, आत्मविश्वास, अनुशासन तथा संगीत के क्षेत्र में उपलब्ध विविध करियर अवसरों की प्रेरणादायी जानकारी दी गई।
संवादात्मक गतिविधियों, लाइव संगीत प्रस्तुति एवं प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने संगीत के विभिन्न पहलुओं को न केवल समझा, बल्कि भारतीय संस्कृति एवं मानवीय मूल्यों से जुड़ने की प्रेरणा भी प्राप्त की।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र की इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी कार्यशालाएँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होती हैं तथा विद्यालयों में समय-समय पर आयोजित होती रहनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र की देशभर में 22 शाखाएँ संचालित हैं, जो प्रयाग संगीत समिति, प्रयागराज से मान्यता प्राप्त हैं। इन केंद्रों के माध्यम से प्रतिवर्ष हजारों विद्यार्थी संगीत शिक्षा प्राप्त कर प्रतिष्ठित उपाधियाँ अर्जित कर रहे हैं तथा संगीत के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर रहे हैं।
सतयुग दर्शन संगीत कला केंद्र द्वारा देशभर के विद्यालयों में निःशुल्क संगीत जागरूकता एवं इंटरैक्टिव कार्यशालाओं का आयोजन निरंतर किया जा रहा है। इच्छुक विद्यालय अपने संस्थान में इस कार्यशाला के आयोजन हेतु संपर्क कर सकते हैं।
