50 रुपए के लिए अपहरण कर मारपीट करने वाला चौथा आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद। 50 रुपए के लिए पंचर लगाने वाले व्यक्ति का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस चौकी बस अड्डा बल्लभगढ़ ने शुक्रवार को चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जतिन उर्फ शेरा वासी गांव जाजरु, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपित अपहरण और मारपीट की घटना में शामिल था और वारदात के बाद से ही गिरफ्तारी से छुप रहा था। उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार बल्लभगढ़ की सुभाष कालोनी निवासी लक्ष्मण ने पुलिस चौकी बस अड्डा बल्लभगढ़ में दी अपनी शिकायत में बताया कि उसकी बल्लभगढ़ मेट्रो स्टेशन के नजदीक पंचर की दुकान है। 3-4 दिन पहले नरेन्द्र उर्फ छोटू उसकी दुकान पर आया और उससे पैसे मांगे, जिस पर उसने उसे 50 रुपये दे दिये। अगले दिन नरेन्द्र अपने साथी नितिन उर्फ साटा, सूरज व एक अन्य के साथ वहां आया था, शिकायतकर्ता ने अपने पैसे वापस मांगे तो इस बात से नाराज होकर वहां से चले गए। कुछ समय बाद दोबारा दुकान पर आये और उसको जबरदस्ती गाड़ी में बैठाकर ले गये।
रास्ते में उसके साथ मारपीट की तथा कैली बाईपास के पास गाड़ी रोककर उसे नीचे उतारकर लाठी-डंडों से पीटा और उसे वहीं छोडक़र फरार हो गए। शिकायत पर थाना शहर बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इस मामले में पुलिस उसके तीन साथियों नरेंद्र उर्फ छोटू, नितिन उर्फ साटा व सूरजपाल सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी जतिन उर्फ शेरा को आज अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
