एफएमडीए ने फुटपाथ निर्माण के लिए अवैध निर्माण तोड़े
फरीदाबाद। सेक्टर-9 और सेक्टर-10 की डिवाइडिंग रोड पर गुरुवार को फुटपाथ निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाया गया। यह कार्रवाई मार्केट के सामने करीब 300 मीटर लंबे हिस्से में की गई, जहां आम लोगों के लिए पैदल चलने का फुटपाथ बनाया जाना है। इस अभियान के लिए डीटीपी इंफोर्समेंट विभाग के यंजन चौधरी को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई एफएमडीए द्वारा कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि सेक्टर-9 और सेक्टर-10 की डिवाइडिंग रोड पर स्थित मार्केट के सामने बने फुटपाथ को दोबारा विकसित किया जाएगा, ताकि लोगों को पैदल चलने में किसी तरह की परेशानी न हो। अधिकारियों के अनुसार, कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने फुटपाथ पर सामान रखकर या अन्य तरीके से कब्जा कर रखा था। इससे पैदल चलने वाले लोगों को सडक़ पर चलना पड़ता था, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता था। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
जेसीबी मशीन की मदद से फुटपाथ पर किए गए अवैध निर्माण और बाधाओं को हटाया गया। इसके बाद फुटपाथ निर्माण का काम शुरू किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि करीब 300 मीटर लंबे इस हिस्से में नया फुटपाथ तैयार किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों और बाजार में आने वाले ग्राहकों को सुविधा मिलेगी। यंजन चौधरी ने कहा कि विभाग द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाता है और आगे भी सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे फुटपाथ और सार्वजनिक जगहों पर अतिक्रमण न करें, ताकि आम जनता को परेशानी का सामना न करना पड़े। फुटपाथ बनने के बाद क्षेत्र में पैदल आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा।
