पांच वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, जेसीबी सहित 21 चोरीशुदा वाहन बरामद
फरीदाबाद। वाहन चोरी कर पुलिस की चुनौती बढ़ा रहे अपराधियों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एवीटीएस -2 भूपानी ने वाहन चोरी में सक्रिय 5 अलग-अलग गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 11 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर 21 चोरीशुदा वाहन बरामद किए हैं। इनमें 16 मोटरसाइकिल, तीन ऑटो, एक स्कूटी और एक छ्वष्टक्च मशीन शामिल है। अमन यादव, सहायक पुलिस आयुक्त अपराध ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि अपराध शाखा की टीम ने वाहन चोरी के मामलों की जांच करते हुए अलग-अलग स्थानों से आरोपितों को गिरफ्तार किया।
यह कार्रवाई पिछले तीन सप्ताह में की गई है। आरोपितों की पूछताछ व उनकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने पांच गिरोह से जुड़े सदस्यों से चोरीशुदा वाहनों को बरामद किया है। साहिल-धीरेंदर गैंग, इस गिरोह से जुड़े आरोपितों के कब्जे से तीन चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद हुईं। राहुल-आमिर गैंग, गिरोह से एक जेसीबी मशीन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। जेसीबी मशीन की बरामदगी को पुलिस की कार्रवाई में विशेष उपलब्धि माना जा रहा है। फैसल-मुफीद-रशीद गैंग, इस गिरोह के आरोपितों से चार मोटरसाइकिल और एक ऑटो बरामद किया गया।
फैजल-मोशिम उर्फ सहीद गैंग, पुलिस ने इस गिरोह से तीन चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की हैं। फज्जर गैंग, इस गिरोह के आरोपितों से चार मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद हुई है। उन्होंने आगे बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपितों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। उनके खिलाफ पहले भी वाहन चोरी और चोरी की अन्य वारदातों से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उनसे गहन पूछताछ कर रही है। आरोपितों से वाहन चोरी की अन्य वारदातों, चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने वाले नेटवर्क और गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अपराध शाखा की टीम ने अन्य मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों से दो ऑटो और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। पुलिस बरामद वाहनों के संबंध में दर्ज मुकदमों की जानकारी जुटाकर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगी।
