फरीदाबाद की स्टेशनरी फैक्ट्री में लगी आग:मशीन और कीमती सामान जला
फरीदाबाद के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-25 स्थित कनीन इंडिया लिमिटेड कंपनी में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। आग कंपनी के प्लॉट नंबर-79 में लगी, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची तथा करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
मिली जानकारी के अनुसार, कंपनी में एक बड़े मशीन में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगी थी। आग लगने के बाद मशीन के आसपास रखा प्लास्टिक, कागज और गत्ते का सामान भी आग की चपेट में आ गया, जिससे आग तेजी से फैलने लगी।
कंपनी में मौजूद कर्मचारियों ने सबसे पहले फायर सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर नियंत्रण नहीं हो सका और वह लगातार बढ़ती चली गई।
स्थिति को गंभीर देखते हुए कंपनी प्रबंधन द्वारा तुरंत फायर ब्रिगेड और डायल-112 को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और डायल-112 की ईआरवी टीम मौके पर पहुंच गई। फायर कर्मियों ने आग बुझाने का कार्य शुरू किया और करीब एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
मौके पर पहुंचे डायल-112 ईआरवी के एएसआई लेखराज ने बताया कि कनीन इंडिया लिमिटेड में स्टेशनरी से संबंधित सामान जैसे पेंसिल, रबर, शार्पनर, स्टेपलर आदि बनाए जाते हैं। आग जिस मशीन में लगी थी, उसके आसपास रखा ज्वलनशील सामान भी आग की चपेट में आ गया था। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों ने समय रहते मशीन में लगी आग को देख लिया था और उसे बुझाने का प्रयास भी किया था, जिससे आग ज्यादा बड़े क्षेत्र में नहीं फैल सकी।
इस आगजनी की घटना में मशीन और कुछ अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया है, लेकिन किसी कर्मचारी के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए कंपनी प्रबंधन से पूछताछ की जाएगी और तकनीकी जांच भी कराई जाएगी।
