नई चिकित्सा तकनीकों पर विशेषज्ञों का मंथन, डॉक्टरों को किया जागरूक
फरीदाबाद। सेक्टर -21 सी स्थित पार्क प्लाजा में एकॉर्ड सुपरस्पेशलिटी अस्पताल की ओर से चिकित्सकों के लिए शैक्षणिक सेमिनार आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर के वरिष्ठ डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने आधुनिक इलाज पद्धतियों, नई तकनीकों और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर अपने अनुभव साझा किए। सेमिनार का उद्देश्य चिकित्सकों को मेडिकल क्षेत्र में हो रहे नए शोध और तकनीकों से अपडेट रखना रहा। कार्यक्रम में एकॉर्ड अस्पताल के न्यूरोलॉजी विभाग के चेयरमैन डॉ. रोहित गुप्ता मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विज्ञान तेजी से बदल रहा है और डॉक्टरों के लिए नई तकनीकों व शोध की जानकारी रखना बेहद जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम चिकित्सकों के अनुभव और उपचार क्षमता को मजबूत बनाते हैं। सेमिनार की शुरुआत फोर्टिस अस्पताल के डॉ. विनीत बंगा के संबोधन से हुई। उन्होंने स्ट्रोक के लक्षण, समय पर इलाज और मरीजों को बचाने में आधुनिक चिकित्सा तकनीकों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।
सर्वोदय अस्पताल के डॉ. सौरभ सुल्तानिया ने टीएमएस तकनीक पर प्रस्तुति देते हुए बताया कि स्ट्रोक, डिप्रेशन और न्यूरोपैथी के इलाज में यह तकनीक प्रभावी साबित हो रही है। एकॉर्ड अस्पताल के न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. संदीप घोष ने मिर्गी के इलाज में नई तकनीकों और आधुनिक उपचार पद्धतियों की जानकारी दी। वहीं डॉ. मेघा शारदा ने स्ट्रोक के इलाज में इस्तेमाल हो रही नई तकनीकों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अत्याधुनिक उपकरणों और आधुनिक उपचार पद्धतियों से मरीजों की जान बचाने की संभावनाएं बढ़ी हैं और समय पर इलाज सबसे अहम है। इस अवसर पर मैरिंगो एशिया अस्पताल की डॉ. सुषमा शर्मा, न्यूरोलॉजिस्ट नजीर उर रहमान, डॉ. ऋतु झा और डॉ. अमित सहित कई विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद रहे।
