हड़ताल के समर्थन में विभिन्न विभागों के कर्मियों ने डीसी आफिस पर किया प्रदर्शन

मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज अविलंब हस्तक्षेप करने और कोर्ट के फैसले लागू कर ठेका कर्मियों को पक्का करने की मांग

फरीदाबाद। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के बेनर तले बुधवार को विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने एकजुट होकर शहरी स्थानीय निकाय व अग्निशमन विभाग के कर्मियों की 6 अगस्त से चल रही हड़ताल और पटवारियों व गेस्ट टीचर के आंदोलन के समर्थन में डीसी आफिस पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से पूर्व जिला प्रधान करतार सिंह जागलान की अध्यक्षता में  दर्जनों विभागीय संगठनों से जुड़े सैकड़ों की संख्या में कर्मियों ने डीसी आफिस के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया।

जिला सचिव बलबीर सिंह बालगुहेर द्वारा संचालित इस प्रदर्शन में अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा, एएचपीसी वर्कर यूनियन के राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष शब्बीर अहमद गनी,रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान नवल सिंह नरवत, सचिव लज्जा राम,प्रेस सचिव सतपाल नरवत, फरीदाबाद नगर निगम म्युनिसिपल एम्पलाइज फेडरेशन के प्रधान रमेश जागलान, टूरिज्म के उप प्रधान दिगंबर डागर,एसकेएस के कोषाध्यक्ष जयपाल राठी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदीश चन्द्र, राजबेल देसवाल,संगठन सचिव मुकेश बेनीवाल आदि दर्जनों विभागीय संगठनों के नेता भी पहुंचे और संबोधित किया।

इसके बाद कर्मचारी जुलूस की शक्ल में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए डीसी आफिस के मेन गेट पर पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए आक्रोश प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम फरीदाबाद को सौंपा। जिसमें शहरी स्थानीय निकाय व अग्निशमन कर्मियों की हड़ताल तथा गेस्ट टीचरों और पटवारियों एवं कानूनगो के आंदोलन का बातचीत के माध्यम से तत्काल समाधान करने की भी मांग की है। इस ज्ञापन में सरकार से सर्वोच्च न्यायालय और पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के फैसलों को लागू करते हुए नियमित प्रकृति के कार्यों पर लंबे समय से कार्यरत पात्र कच्चे कर्मचारियों को तुरंत पक्का करने की मांग की है।

इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा व जिला प्रधान करतार सिंह के नेतृत्व में कर्मचारी दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा की जिला कमेटी द्वारा आयोजित धरने प्रदर्शन में पहुंचे और उनकी मांगों और आंंदोलन का पुरजोर समर्थन किया।   कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा ने कहा कि आज सफाई व अग्निशमन कर्मियों की हड़ताल के समर्थन और सरकार द्वारा हड़ताल को पुलिस दमन से तोडऩे और सैकड़ों की संख्या में हड़ताली कर्मियों की गिरफ्तारी के खिलाफ हरियाणा सहित सभी राज्यों में एकजुटता प्रदर्शन किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के बेनर तले बुधवार को सभी जिलों में जोरदार प्रदर्शन किए गए हैं। उन्होंने कहा कि फायर कर्मियों की 37 और शहरी स्थानीय निकाय विभाग के कर्मियों की 13 दिन की हड़ताल के बाद 13 मई को सरकार के साथ  समझौता हुआ था।

जिसमें ठेका कर्मियों को पक्का करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, अग्निकांड में शहीद हुए भवी चंद व रणबीर सिंह के आश्रितों को 50-50 लाख रुपए आर्थिक सहायता व पक्की नौकरी देने आदि 17 मांगों पर सहमति बनी और सरकार ने 30 जून तक सहमत मांगों के पत्र जारी कर लागू करने का आश्वासन दिया था। लेकिन सरकार निर्धारित समय सीमा में लागू करने में विफल रही, जिसके कारण कर्मचारियों को 6 अगस्त से पुन: हड़ताल पर जाने पर मजबूर होना पड़ा। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान करतार सिंह, सचिव बलबीर सिंह, उप प्रधान जगदीश चन्द्र व राजबेल देसवाल ने स्पष्ट किया कि बजट की कमी का बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सरकार प्रदेश की आर्थिक स्थिति मजबूत होने का दावा करती है, इसलिए वर्षों से नियमित कार्य कर रहे कर्मचारियों और शिक्षकों को पक्का करने के लिए स्पष्ट नीति घोषित की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि समाधान न होने पर 1 से 3 सितंबर तक शहरी स्थानीय निकाय मंत्री के फरीदाबाद स्थित आवास पर प्रदर्शन किए जाएंगे। इसके बाद मंत्रियों के रात्रि पड़ावों पर प्रदर्शन, विभागों में गेट मीटिंग तथा आवश्यकता पडऩे पर मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय, कुरुक्षेत्र में पड़ाव डाला जाएगा।  धरना प्रदर्शन में सीआईटीयू के सचिव वीरेंद्र डंगवाल,एचएसवीपी से तेज राम, दिनेश कुमार,जिले सिंह, एएचपीसी वर्कर यूनियन से कृष्ण कुमार, प्रवेश बैंसला, दिनेश शर्मा,अशरफ खान,डिगंबर सिंह, स्वास्थ्य विभाग से श्यामवीर सिंह, सविता,नगर निगम से सुरेश देवी, हरियाणा टूरिज्म से कल्लू राम,मूरारी लाल व दिगंबर डागर आदि मौजूद थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.