गुरु रविदास महाराज के आदर्शाे एवं शिक्षाओं को जीवन में अपनाएं : सोहनपाल सिंह
काशी से लाई गई पवित्र मिट्टी का कलश फरीदाबाद महानगर को सौंपा गया
फरीदाबाद। गुरुग्राम में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम के दौरान महान संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की पावन जन्मस्थली काशी (बनारस) से लाई गई पवित्र मिट्टी का कलश हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा फरीदाबाद महानगर के जिला अध्यक्ष सोहन पाल सिंह को श्रद्धापूर्वक सौंपा गया। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष विजय लोहिया ,कार्यक्रम संयोजक मान सिंह, भवानी प्रसाद, ओमपाल, किरण बाला, रामेश्वर प्रजापति, लख्मीचंद भारद्वाज, रवि वर्मा एवं बलदेव सिंह अलावलपुर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों ने गुरु रविदास महाराज जी द्वारा बताए गए समता, मानवता, भाईचारे एवं सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।
फरीदाबाद महानगर के जिला अध्यक्ष सोहन पाल सिंह ने बताया कि यह पवित्र कलश अब फरीदाबाद महानगर के अंतर्गत बल्लभगढ़, पृथला एवं एनआईटी फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्रों के सभी गुरु रविदास मंदिरों तथा अन्य पवित्र धार्मिक स्थलों पर श्रद्धापूर्वक ले जाया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को पवित्र मिट्टी के दर्शन एवं पूजन का अवसर प्राप्त होगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे इस पावन कलश यात्रा में बढ़-चढक़र भाग लें तथा गुरु रविदास महाराज जी के आदर्शों एवं शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लें। यह पावन कलश यात्रा समाज में समानता, समरसता, मानवता, भाईचारे एवं सामाजिक एकता का संदेश प्रसारित करते हुए गुरु रविदास महाराज जी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
