फरीदाबाद के कॉलेजों में शिक्षा गुणवत्ता सुधरेगी, दस नए प्रोफेसरों की नियुक्ति

फरीदाबाद। जिले के कॉलेजों में एडमिशन प्रोसेस शुरू होने से पहले प्रोफेसरों की कमी को दूर किया जा रहा है। सेक्टर 16 स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू कॉलेज में फिजिक्स के चार और केमिस्ट्री के छह नए प्रोफेसरों की नियुक्ति की गई है। उन्हें ज्वाइन करने के लिए 30 दिन का समय दिया गया है। ये पद काफी समय से खाली थे, इन नियुक्तियों से पढ़ाई की क्वालिटी में सुधार होगा। पंडित जवाहरलाल नेहरू कॉलेज में 5,000 से ज्यादा स्टूडेंट पढ़ते हैं, जो अलग-अलग अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट कोर्स कर रहे हैं। प्रोफेसरों की कमी से क्लास लगाने में काफी दिक्कतें आ रही थीं। हर टीचर पर एक्स्ट्रा क्लास का बोझ था।

अब फिजिक्स और केमिस्ट्री में नए प्रोफेसरों की नियुक्ति से स्थिति में सुधार होगा। इससे पहले जनवरी में बॉटनी के छह और जियोलॉजी के चार प्रोफेसरों की नियुक्ति की गई थी। कॉलेज मैनेजमेंट के मुताबिक, जल्द ही हिंदी, इंग्लिश, हिस्ट्री, कॉमर्स और जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन समेत कई सब्जेक्ट्स के लिए प्रोफेसरों की नियुक्ति की जाएगी। इन सब्जेक्ट्स में खाली पदों की जानकारी मांगी गई है। सेक्टर 16 के गवर्नमेंट विमेंस कॉलेज, खेड़ी गुजरान, मोहना, सेक्टर 23, तिगांव के गवर्नमेंट कॉलेज, बल्लभगढ़ के गवर्नमेंट गल्र्स कॉलेज और नचौली में भी अलग-अलग सब्जेक्ट्स के प्रोफेसरों की कमी है। इससे स्टूडेंट्स और प्रोफेसरों दोनों को दिक्कत हो रही है।

अलग-अलग सब्जेक्ट्स के प्रोफेसरों को कॉलेजों में तीन-तीन दिन का समय दिया जा रहा है। इन कॉलेजों में भी कमी को दूर करने की मांग की गई है। पंडित जवाहरलाल नेहरू कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. रुचिरा खुल्लर का कहना है कि प्रोफेसरों की नियुक्ति से पढ़ाई की क्वालिटी और बेहतर होगी। ये प्रोफेसर 30 दिनों के अंदर जॉइन करेंगे। फिजिक्स और केमिस्ट्री से पहले बॉटनी और जियोलॉजी के प्रोफेसरों की नियुक्ति हो चुकी है। कॉलेजों में कमी को धीरे-धीरे दूर किया जा रहा है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.