समाज को मजबूत बनाने का सबसे बड़ा माध्यम है शिक्षा : दीपक यादव

बुआपुर गांव में रोटरी क्लब फरीदाबाद इंडस्ट्रियल टाउन ने बच्चों को वितरित की पाठ्य सामग्री

फरीदाबाद। रोटरी क्लब फरीदाबाद इंडस्ट्रियल टाउन की ओर से बुआपुर गांव के सरकारी विद्यालय में विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एक विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय को लगभग सात लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई, जिसके अंतर्गत बच्चों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त टॉयलेट्स, कंप्यूटर लैब, माइक, स्पीकर, शूज, कॉपियां तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध करवाई गई। कार्यक्रम में गांव के सरपंच गिरधारी जी, रोटरी क्लब के डीजी धीरज भूटानी , विनय रस्तोगी ,महेंद्र सराफ ,एचके गोयल ,नवीन गुप्ता ,शैलेंद्र पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता समरवीर आर्य जी तथा विद्यासागर इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर दीपक यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इस प्रकार की सहायता बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। रोटरी क्लब के प्रेजिडेंट सौरभ मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद बच्चों तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाना है ताकि वे भी आधुनिक शिक्षा से जुड़ सकें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।  मंच का संचालन करते हुए दीपक यादव ने कहा कि शिक्षा ही समाज को मजबूत बनाने का सबसे बड़ा माध्यम है और रोटरी क्लब आगे भी इसी प्रकार समाजसेवा के कार्य करता रहेगा।

विद्यालय प्रिंसिपल कृष्ण कुमार और ग्रामीणों ने भी रोटरी क्लब का आभार व्यक्त किया। सरपंच गिरधारी जी ने कहा कि गांव के बच्चों को इस सहायता से पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा और कंप्यूटर लैब जैसी सुविधाएं उनके ज्ञान और तकनीकी कौशल को बढ़ाने में मदद करेंगी। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने अतिथियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि नई सुविधाओं से उनकी पढ़ाई और अधिक आसान तथा रोचक बनेगी। पूरे कार्यक्रम में सेवा, सहयोग और शिक्षा को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। प्रोग्राम के बाद सभी अतिथियों ओर बच्चों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.