फरीदाबाद पहुंचे हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के निदेशक

फरीदाबाद हरियाणा स्वास्थ्य विभाग के निदेशक (स्वास्थ्य सेवाएं) डॉ. ब्रह्म दीप ने शुक्रवार को फरीदाबाद जिले का दौरा कर विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिविल अस्पताल फरीदाबाद, सेक्टर-3 स्थित एफआरयू-II और एसडीसीएच बल्लभगढ़ का दौरा कर अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए।

सिविल अस्पताल फरीदाबाद में डॉ. ब्रह्म दीप ने आयुष्मान भारत योजना के तहत दी जा रही सुविधाओं, माइनर ऑपरेशन थिएटर (माइनर ओटी), कैजुअल्टी और विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को स्वास्थ्य सेवाओं को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज की आयुष्मान भारत योजना के तहत स्क्रीनिंग की जाए, ताकि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PMJAY) के पात्र लाभार्थियों को योजना का पूरा लाभ मिल सके।

इसके बाद सेक्टर-3 स्थित एफआरयू-II का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य सुविधा केंद्र का अधिकतम उपयोग किया जाए और अधिक से अधिक मरीजों का उपचार वहीं किया जाए। इससे जिले के अन्य अस्पतालों पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केंद्र पर 24 घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात करने के निर्देश भी दिए।

एसडीसीएच बल्लभगढ़ के दौरे के दौरान डॉ. ब्रह्म दीप ने अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने और मरीजों को अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सीआरएचएसपी बल्लभगढ़ के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष के साथ तालमेल बनाकर स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने पर भी जोर दिया।

डॉ. ब्रह्म दीप ने कहा कि आयुष्मान भारत और पीएमजेएवाई योजना के तहत पात्र मरीजों को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के लिए कवरेज बढ़ाना जरूरी है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतर निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.