व्यापारी से 20 लाख की रंगदारी मांगी; मना करने पर दुकान की शीशे तोड़े

फरीदाबाद। बल्लभगढ़ में एक फर्नीचर व्यापारी से 20 लाख रुपए की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि फिरौती नहीं देने पर बदमाशों ने व्यापारी की दुकान पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए। पीडि़त की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीडि़त शुभम गोयल ने बताया कि वह बल्लभगढ़ क्षेत्र में फर्नीचर का कारोबार करते हैं। बीती रात करीब 12 बजे जब वह अपने घर पर सो रहे थे, तभी उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। जब उसने फोन उठाया, दूसरी ओर से व्यक्ति ने गाली-गलौज शुरू कर दी और सीधे 20 लाख रुपए की मांग रख दी। कॉल करने वाले ने धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए तो जब भी वह दुकान पर आएंगे, उन्हें गोली मार दी जाएगी। शुभम गोयल के अनुसार उन्होंने कई बार फोन करने वाले से उसका नाम और पता पूछा, लेकिन उसने अपनी पहचान बताने से इनकार कर दिया। कुछ देर बातचीत के बाद उन्होंने फोन काट दिया। आरोप है कि फोन कटने के कुछ ही समय बाद दो अज्ञात युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और पत्थरों से हमला कर दिया।

पथराव में दुकान के शीशे टूट गए। सुबह करीब 7:30 बजे पड़ोसी दुकानदारों ने शुभम गोयल को फोन कर दुकान पर हुई तोडफ़ोड़ की जानकारी दी। मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि दुकान के सभी शीशे टूटे हुए थे और काफी नुकसान हुआ है। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शुभम गोयल ने सिटी थाने में दो अज्ञात लोगों के खिलाफ फोन पर धमकी देकर फिरौती मांगने और दुकान में तोडफ़ोड़ करने की लिखित शिकायत दी है। थाना इंचार्ज शमशेर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। दो संदिग्धों को राउंडअप कर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.