40 वर्षों से बसी आदर्श नगर कॉलोनी को नियमित करने की मांग, मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक के नेतृत्व में निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

फरीदाबाद। बल्लभगढ़ स्थित गोशाला रोड, आदर्श नगर के निवासियों ने लगभग 40 वर्षों से आबाद कॉलोनी को नियमित किए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक मुकेश वशिष्ठ के नेतृत्व में नगर निगम आयुक्त धीरेन्द्र खड़गटा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल की ओर से रोहित शर्मा ने बताया कि मौजा ऊँचा गांव के अंतर्गत गोशाला रोड स्थित आदर्श नगर में पिछले चार दशकों से सैकड़ों परिवार निवास कर रहे हैं। कॉलोनी में बिजली, पेयजल, सीवर तथा आरएमसी सड़क जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन आज तक कॉलोनी को नियमित नहीं किया गया है।

उन्होंने बताया कि कॉलोनी नियमित न होने के कारण निवासी विकास शुल्क जमा नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनके मकानों की रजिस्ट्री भी नहीं हो पा रही है। इस संबंध में कई बार नगर निगम अधिकारियों को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

मुख्यमंत्री के मीडिया समन्वयक मुकेश वशिष्ठ ने बताया कि ध्रुव वाटिका के पीछे स्थित लगभग ढाई से तीन एकड़ क्षेत्र में करीब 500 मकान आज भी नगर निगम की विकास शुल्क सूची में शामिल नहीं हैं। तकनीकी कारणों से यह क्षेत्र अब तक नियमित नहीं हो सका, जबकि वर्ष 2021 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा लाई गई नीति के तहत प्रदेश की सैकड़ों कॉलोनियों को नियमित किया गया था।

उन्होंने कहा कि यदि इस क्षेत्र को भी शीघ्र नियमित किया जाता है तो निवासी नियमानुसार विकास शुल्क जमा कर सकेंगे, अतिरिक्त ब्याज से राहत मिलेगी तथा सरकार को भी राजस्व प्राप्त होगा।

नगर निगम आयुक्त धीरेन्द्र खड़गटा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि मामले की फाइल शीघ्र ही आवश्यक कार्रवाई हेतु चंडीगढ़ भेजी जाएगी।

इस अवसर पर भाजपा नेता जितेंद्र बंसल, रोहित शर्मा, रमेश, खुशीराम, मांगेराम, मोहन, दीपक भारद्वाज, ऋषिराम शर्मा, राजेंद्र अग्रवाल, मनोहर सिंह भाटी, प्रभु भाटी, तिलक राज शर्मा, नरेश यादव, बसंत सिंह राठौर, शारदा सिंह गौर, फूल सिंह फगाना, अनिल, अशोक पटवारी सहित कॉलोनी के अनेक गणमान्य निवासी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.