थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए सुरक्षित रक्त और बेहतर सुविधाओं की उठी मांग

फरीदाबाद। फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया के एक प्रतिनिधिमंडल ने सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा से मुलाकात कर जिले में थैलेसीमिया पीड़ितों को आ रही गंभीर समस्याओं से अवगत कराया। संस्था ने हाल ही में कुछ बच्चों में रक्त चढ़ाने के दौरान हुए एचआईवी और एचसीवी संक्रमण पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए सुरक्षित इलाज की मांग की है।

संस्था के महासचिव रविंद्र दुडेजा और अध्यक्ष भगवान गुलाटी ने मांग की कि सभी ब्लड बैंकों की सख्त निगरानी हो और मरीजों को केवल एनएटी टेस्ट सुरक्षित रक्त ही उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने अस्पताल में मिल रही दवाओं की प्रभावशीलता पर सवाल उठाते हुए केल्फर, डेसिरॉक्स और असुनरा जैसी स्थापित कंपनियों की प्रभावी दवाइयां पुनः उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

प्रतिनिधिमंडल ने थैलेसीमिया यूनिट में बच्चों के लिए एयर कंडीशनर, टेलीविजन और पावर बैकअप जैसी बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ रक्त छानने के लिए आवश्यक फिल्टर की व्यवस्था करने की भी अपील की। साथ ही, दिव्यांगता प्रमाण पत्र में प्रतिशत घटाने के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि इससे मरीजों को शिक्षा और रोजगार के लाभ से वंचित होना पड़ता है।

सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने मांगों पर गंभीरता दिखाते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान डॉ. एस.एस. दहिया, डॉ. निधि और संयुक्त सचिव जितेंद्र कुमार भाटिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.