विश्व पावरलिफ्टिंग बेंच प्रेस चैंपियनशिप में दीपेश मोर ने जीता कांस्य पदक

फरीदाबाद। हरियाणा पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे प्रदीप मोर के बेटे दीपेश मोर ने विश्व पावरलिफ्टिंग बेंच प्रेस चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर हरियाणा सहित भारत का नाम पूरे विश्व में गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि केवल उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा और देश के लिए गर्व का विषय है। दीपेश के पिता प्रदीप मोर हरियाणा पुलिस में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और वर्षों से समाज एवं राष्ट्र की सेवा में समर्पित हैं। अब उनके पुत्र दीपेश मोर ने खेल जगत में एक नया इतिहास रचकर देश का मान बढ़ाया है। इस सफलता के पीछे दीपेश की अथक मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ-साथ उनके माता-पिता के संस्कारों का भी बहुत बड़ा योगदान है। उनकी माता जी ने बचपन से ही उन्हें अच्छे संस्कार, मेहनत और ईमानदारी का पाठ पढ़ाया, जिसके परिणामस्वरूप आज दीपेश विश्व स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतने में सफल हुए हैं।

दीपेश पिछले तीन वर्षों से दिल्ली स्थित टीम आरएस फिटनेस में कोच राजन सिंह के मार्गदर्शन में लगातार कठिन परिश्रम कर रहे हैं। उन्होंने पहले हरियाणा राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीता, फिर राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किया और उसके बाद विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई कर भारत का प्रतिनिधित्व किया। विश्व मंच पर कांस्य पदक जीतकर उन्होंने यह साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है। दीपेश मोर की यह उपलब्धि देश के युवाओं के लिए एक प्रेरणा है। पूरे देश में उनकी इस सफलता से खुशी और गर्व का माहौल है। हम आशा करते हैं कि आने वाले समय में दीपेश और भी बड़ी सफलताएं हासिल करेंगे तथा भारत का तिरंगा विश्व के मंचों पर और ऊंचा लहराएंगे। दीपेश मोर, उनके माता-पिता और कोच राजन सिंह को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.