फरीदाबाद में नाले में मिला युवक का सड़ा-गला शव

फरीदाबाद के सारन थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब जवाहर कॉलोनी और पर्वतीय कॉलोनी एयर फोर्स रोड के टी-पॉइंट के पास एक बड़े नाले से एक युवक का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मृतक की उम्र लगभग 28 से 35 साल के बीच बताई जा रही है। शव की हालत इतनी खराब है कि उसकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, टी-पॉइंट के पास फर्नीचर का सामान बेचने वाले दुकान मालिक प्रवीण कुमार ने बताया कि उनकी दुकान के पास से एक बड़ा नाला गुजरता है। दुकान में आने-जाने के लिए नाले के ऊपर पत्थर की एक सिल रखी हुई थी। रविवार को वह पत्थर की सिल टूट गई थी, जिसे हटाने का काम किया जा रहा था।

प्रवीण कुमार ने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों से इलाके में तेज बदबू आ रही थी, लेकिन उन्हें लगा कि शायद नाले के गंदे पानी की वजह से बदबू आ रही है या फिर नाले के अंदर कोई चूहा मर गया होगा।

उन्होंने बताया कि जब दुकान पर काम करने वाला लड़का टूटी हुई पत्थर की सिल हटाने लगा तो उसे अचानक बहुत तेज बदबू आई। उसने नीचे झांककर देखा तो नाले के अंदर एक व्यक्ति उल्टे मुंह पड़ा हुआ दिखाई दिया। बदबू उसी शव से आ रही थी। इसके बाद उसने तुरंत इस बारे में प्रवीण कुमार को बताया।

जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने के बाद फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जरूरी जांच-पड़ताल की। जांच पूरी होने के बाद शव को नाले से बाहर निकलवाकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाने के लिए भिजवा दिया गया।

 

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.