द मॉडर्न स्कूल में हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत रचनात्मक कविता लेखन गतिविधि का आयोजन

फरीदाबाद। द मॉडर्न स्कूल में हिंदी पखवाड़े के उपलक्ष्य में हिंदी विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए विषय संवर्धन गतिविधि के अंतर्गत कविता लेखन गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, रुचि एवं सम्मान की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति एवं अभिव्यक्ति क्षमता को प्रोत्साहित करना था।

“हिंदी हमारी शान है, हिंदी ही हमारी पहचान है।” इस भावना के साथ विद्यार्थियों ने कविता लेखन गतिविधि में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपनी भावनाओं, विचारों एवं कल्पनाओं को सुंदर एवं प्रभावशाली कविताओं के माध्यम से प्रस्तुत किया और अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।

हिंदी अध्यापिका श्रीमती पिंकी धाकरे ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को उनकी उत्साहपूर्ण सहभागिता के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ उनके लेखन एवं अभिव्यक्ति कौशल को भी विकसित करती हैं।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमेश चिकारा ने विद्यार्थियों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि मातृभाषा हिंदी में इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों में प्रतिभागिता करना एक सराहनीय कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा एवं साहित्य से निरंतर जुड़ने तथा अपनी रचनात्मक प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

“निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल।” इस संदेश के साथ आयोजित गतिविधि ने विद्यार्थियों को हिंदी की समृद्धता एवं साहित्यिक सौंदर्य को समझने का अवसर प्रदान किया। साथ ही, उनमें लेखन कौशल, आत्मविश्वास, कल्पनाशक्ति एवं स्वतंत्र अभिव्यक्ति की भावना का विकास हुआ।

गतिविधि विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, रचनात्मक एवं आनंददायक रही। विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल एवं सार्थक बनाया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.