मांग के अनुसार उपभोक्ताओं को मिल रही पूरी गैस सप्लाई: डीसी आयुष सिन्हा

फरीदाबाद । उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा ने कहा कि क्षेत्र में एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता पूरी तरह संतोषजनक है तथा वितरण व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो रही है। डीसी आयुष सिन्हा ने नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि गैस आपूर्ति में किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडरों का संग्रह न करें। प्रशासन द्वारा तेल कंपनियों और गैस वितरकों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि आपूर्ति व्यवस्था निर्बाध बनी रहे।

जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) कविता सिंह परिहार ने जानकारी देते हुए बताया कि घरेलू, वाणिज्यिक तथा 5 किलोग्राम एफटीएल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति एवं वितरण मांग के अनुसार 100 प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान वाणिज्यिक गैस सिलेंडर, 5 किलोग्राम एफटीएल गैस सिलेंडर और घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की कुल 24274 सिलेंडरों की डिलीवरी उपभोक्ताओं को सफलतापूर्वक की गई है।

उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि चूंकि मांग और आपूर्ति के बीच कोई अंतर नहीं है, इसलिए वे गैस एजेंसियों पर अनावश्यक लाइन न लगाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जरूरत से ज्यादा सिलेंडर घर में रखना न केवल अनावश्यक है, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी जोखिम भरा हो सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस की सप्लाई निर्बाध रूप से जारी रहेगी, अतः जनता धैर्य बनाए रखे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.