प्रकृति का संरक्षण ही हमारे आने वाले कल की सुरक्षा : प्रवीण जोशी

डा. ओपी भल्ला फाउंडेशन ने स्वच्छता व पौधारोपण अभियान चलाकर दिया पर्यावरण सुरक्षा का संदेश

फरीदाबाद। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के शुभ अवसर पर मंगलवार को मानव रचना शिक्षण संस्थान द्वारा स्थापित डा.ओपी भल्ला फाउंडेशन ने जनहित से जुड़े अपने उद्देश्यों व लक्ष्य के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता की सराहनीय पहल की। इसके तहत फाउंडेशन की ओर से फाउंडेशन के वाइस चेयरमैन डा.एनसी वधवा के दिशा निर्देशन में सेक्टर 21सी पार्ट-3 और सूरजकुंड-अनखीर रोड से सेक्टर-46 की ओर जाने वाले मार्ग पर 15 स्थान जो कूड़े से अटे पड़े थे, उनको दो दिन में पूर्णतया साफ करवाया। इसके लिए फाउंडेशन ने अपने खर्चे पर अर्थमूवर और डंपर मंगाए।

यहां से 40 से भी अधिक डंपर भर कर कूड़ा निकाल कर नगर निगम के सेक्टर 21 में स्थित कूड़ा संग्रहण में पहुंचाया गया और फिर मंगलवार को विशेष पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहर की मेयर प्रवीन बत्रा जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मेयर के पहुंचने पर फाउंडेशन के वाइस चेयरमैन डा.एनसी वधवा, ट्रस्टी सरकार तलवाड़, नीलकंठ सोसायटी प्रधान राजकुमार बत्रा, जगबीर सिंह तेवतिया ने पुष्प गुच्छ व पौधा भेंट कर, दुशाला ओढ़ा कर अभिनंदन किया। स्वागत के बाद मेयर ने सबसे पहले नीलकंठ सोसायटी के बाहर फाउंडेशन के वाइस चेयरमैन डा. एनसी वधवा व ट्रस्टी सरकार तलवाड़ के साथ और सोसायटी के अध्यक्ष राजकुमार बत्रा व स्थानीय सोसायटी की संयुक्त आरडब्ल्यूए के प्रधान जगबीर तेवतिया और अन्य पदाधिकारियों के साथ पौधे लगाए।

अभियान के तहत फाउंडेशन के स्वयंसेवकों ने श्रमदान करते चिन्हित 15 ऐसे स्थानों से कचरा हटाया जहां अक्सर कूड़ा पड़ा  रहता था। स्वयंसेवकों ने इन स्थलों की पूरी तरह से सफाई कराने के बाद उन्हीं स्थानों पर मेयर प्रवीन बत्रा जोशी व स्थानीय पार्षद लिखी चपराना के साथ पौधारोपण कर उन्हें हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया। पूरा आयोजन फाउंडेशन के वाइस चेयरमैन के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर डा.एनसी वधवा ने कहा कि मनुष्य का सबसे श्रेष्ठ कर्म प्रकृति का संरक्षण, संवर्धन और संवेदनशील उपयोग है।

हम पृथ्वी के स्वामी नहीं, उसके संरक्षक हैं। जो धरोहर हमें पूर्वजों से मिली है, उसे और अधिक समृद्ध बनाकर भावी पीढिय़ों को सौंपना ही सच्ची मानवता और जीवन का परम लक्ष्य है। डा.ओपी भल्ला फाउंडेशन उसी अनुरूप यह कार्य कर रहा है। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मेयर प्रवीन बत्रा जोशी ने मानव रचना शिक्षण संस्थान व डा.ओपी भल्ला फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे और प्रकृति संरक्षण से जुड़ी इस पहल की विशेष सराहना की। मेयर ने प्रकृति संरक्षण के महत्व पर विशेष बल देते हुए कहा, प्रकृति हमें जीवन जीने के सभी मूलभूत साधन प्रदान करती है, लेकिन इसकी देखभाल करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। आज जिस तरह से प्रदूषण बढ़ रहा है, ऐसे में केवल पौधे लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उन्हें बचाना और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी है।

प्रकृति का संरक्षण ही हमारे आने वाले कल की सुरक्षा है। मेयर ने डा. ओपी भल्ला फाउंडेशन के प्रयासों की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए कहा कि फाउंडेशन लंबे समय से समाज सेवा और जनहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। कचरा डंपिंग पॉइंट्स को साफ कर वहां पौधारोपण करने का यह विचार बेहद प्रेरणादायक है। उन्होंने अन्य सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों से भी अपील की कि वे इस प्रकार के अभियानों से जुडक़र शहर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने में अपना योगदान दें। कार्यक्रम के अंत में फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने मेयर, आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और सभी स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने श्रमदान देकर इस अभियान को सफल बनाया। इस मौके पर क्षेत्र की विभिन्न सोसायटियों की रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों में कुलदीप सिंह, प्राजेश सिंह, पंकज सिवाल, अजय डुडेजा, अनिल भाटिया, एसके सचदेवा, सरदार सतनाम सिंह और गणमान्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.