जनता की मूलभूत समस्याओं को नगर निगम के समक्ष रखेंगे कांग्रेस युवा कार्यकर्ता : विकास दायमा
यूथ कांग्रेस ने फरीदाबाद में ‘बेटर सिटीज’ अभियान शुरू किया
फरीदाबाद। इंडियन यूथ कांग्रेस ने आज फरीदाबाद में ‘बेटर सिटीज’ अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत शहर के लोग अपनी समस्याएं दर्ज कराएंगे कि उनके मोहल्ले में आज तक क्या नहीं मिला और वे कौन-कौन सी मूलभूत सुविधाएं चाहते हैं। इन मांगों को नगर निगम एवं जिला प्रशासन के सामने लिखित रूप में रखा जाएगा। जिला फरीदाबाद यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष विकास दायमा ने कहा कि शहर की जो हालत लोग रोज देख रहे हैं, वह नगर निगम की कार्यप्रणाली का ही रिकॉर्ड है। अब हर मोहल्ले की समस्या और हर मांग का जवाब सार्वजनिक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटर सिटीज अभियान जनता की समस्याओं को सुनने, उन्हें दर्ज करने और उनके समाधान की जवाबदेही तय करने का अभियान है।
अभियान के तहत यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता शहर के अलग-अलग मोहल्लों में बैठकें करेंगे और लोगों से सीधे संवाद कर कूड़ा उठान, पीने का पानी, सडक़, नाली, सीवर, स्ट्रीट लाइट, पार्क, सरकारी स्कूल, अस्पताल तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी लेंगे। हर मोहल्ले से प्राप्त मांगों को ज्ञापन के रूप में संबंधित विभागों के सामने रखा जाएगा और उनके समाधान की स्थिति पर भी नजर रखी जाएगी ।। अभियान के तहत मेहनत के हाथ के जरिए शहर के कामगारों की समस्याओं और उनके अधिकारों की आवाज भी उठाई जाएगी। यूथ कांग्रेस की टीम ऑटो चालकों, सफाई कर्मचारियों, सुरक्षा गार्डों, रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं, घरेलू कामगारों एवं डिलीवरी वर्कर्स के बीच जाकर उनकी समस्याओं और उन्हें मिलने वाले अधिकारों की जानकारी लेगी।
जिन लोगों को उनका हक या सरकार द्वारा मिलने वाली सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, उनकी आवाज संबंधित विभागों और अधिकारियों तक पहुंचाकर उन्हें उनका हक दिलाने के लिए हरसंभव सहायता की जाएगी। विकास दायमा ने कहा कि शहर का विकास तभी सार्थक है, जब आम नागरिक के साथ-साथ मेहनतकश वर्ग को भी सम्मान, सुविधाएं और उनके अधिकार मिलें। यूथ कांग्रेस हर उस व्यक्ति की आवाज बनेगी, जिसकी समस्याओं को जिम्मेदार विभागों द्वारा अनदेखा किया जा रहा है। पूरे जिले में अभियान के तहत अलग-अलग मोहल्लों में बैठकें आयोजित की जाएंगी। फरीदाबाद के नागरिक भी अपनी समस्याओं और मांगों को यूथ कांग्रेस के साथ साझा कर इस अभियान से जुड़ सकते हैं। इस अवसर पर उमेश कौशिक ,बडख़ल विधानसभा अध्यक्ष इशांत कथूरिया,परवीन भड़ाना सरपंच, दिनेश नागर, संजीव खारी, विकास नागर, विधुर नागर,मोहित शर्मा ,पुष्पेंद्र चोहान ,विकास भड़ाना सहित यूथ कांग्रेस के अनेक साथी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे
