जनहित के मुद्दों पर संगठित होकर युवाओं की लड़ाई लड़ें कांग्रेस कार्यकर्ता : निशित कटारिया
फरीदाबाद युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विकास दायमा के नेतृत्व में गोठड़ा मोहब्ताबाद में हुई युवा कांग्रेस की बैठक
फरीदाबाद। एनआईटी फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र के गांव गोठड़ा मोहब्ताबाद में हरियाणा युवा कांग्रेस के चलो वार्ड चलो पंचायत अभियान के तहत एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता फरीदाबाद युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विकास दायमा ने की ।। बैठक में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और संगठन को मजबूत बनाने के साथ-साथ युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को सपने बेचे, रोजगार नहीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश का युवा आज बेरोजगारी, महंगाई और भविष्य की असुरक्षा से जूझ रहा है, लेकिन सरकार युवाओं के वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने का काम कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों शिक्षित युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, जबकि सरकार केवल आंकड़ों और प्रचार के माध्यम से अपनी उपलब्धियां गिनाने में लगी हुई है। निशित कटारिया ने कहा कि युवा कांग्रेस का चलो वार्ड चलो पंचायत अभियान युवाओं की आवाज को गांव-गांव और वार्ड-वार्ड तक पहुंचाने का अभियान है। इसके माध्यम से युवाओं को उनके अधिकारों, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे आगे आकर अपनी ताकत को पहचानें और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करें। फरीदाबाद जिला युवा कांग्रेस के प्रधान विकास दायमा ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार और अवसर उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।
दायमा ने कहा कि युवा कांग्रेस प्रत्येक गांव और वार्ड में मजबूत संगठन खड़ा कर युवाओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का काम करेगी। उन्होंने युवाओं से संगठन के साथ जुडक़र सामाजिक और राजनीतिक बदलाव की इस मुहिम को मजबूत बनाने का आह्वान किया। बैठक में युवाओं को सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के बारे में जागरूक किया गया तथा संगठन विस्तार को लेकर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में युवाओं ने संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया। इस बैठक में मुख्य तौर परवीन भड़ाना, विकास भड़ाना, दिनेश नागर, विकास नागर, विदुर नागर, आकाश भड़ाना ,मिंटू भड़ाना ,नीरज भड़ाना सहित अनेकों युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।।
