मजदूरों की आवाज सडक़ से लेकर संसद तक बुलंद करेगी कांग्रेस : राव नरेंद्र सिंह

लखन सिंगला ने अपनी नियुक्ति पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का जताया आभार

फरीदाबाद। ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ हरियाणा के नवनियुक्त कॉडिनेटर एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता लखन कुमार सिंगला आज अपनी टीम के साथ हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के गुरुग्राम स्थित निवास पर पहुंचे और अपनी नियुक्ति पर फूलों का गुलदस्ता भेंट कर एवं मुंह मीठा कराते हुए आभार जताया। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार में शुरु हुई मनरेगा स्कीम का उद्देश्य मजदूरों को रोजगार देना था ताकि वह अपना और अपने परिवार का भरण पोषण कर सके, लेकिन भाजपा सरकार अब इस स्कीम का न केवल नाम बदल रही है बल्कि इसमें संशोधन कर इसे बंद करने की मंशा बनाए बैठी है, जिससे देश का 90 प्रतिशत मजदूर बेरोजगार हो जाएगा, लेकिन कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार के इस तानाशाही फैसले को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी इसलिए कांग्रेस ने ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ की शुरुआत की है, जिसके चलते पूरे देश में इस आंदोलन के तहत भाजपा सरकार की ईट से ईट बजाने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सदैव पिछड़े, दलितों, मजदूरों एवं मेहनतकशों के हितों के लिए संघर्ष किया है और एक बार फिर पार्टी मजदूरों के हितों की आवाज सडक़ से लेकर संसद तक बुलंद करने का काम करेगी।

राव नरेंद्र ने लखन कुमार सिंगला को उनकी नियुक्ति पर बधाई देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है इसलिए वह एकजुटता के साथ मनरेगा स्कीम को लेकर पूरे प्रदेश में लोगों को जागरुक करे और भाजपा सरकार का असली चेहरा जनता के समक्ष उजागर करे। इस अवसर पर लखन कुमार सिंगला ने प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह को विश्वास दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जो जिम्मेवारी उन्हें सौंपी है, उसे वह पूरी निष्ठा से निभाएंगे और हरियाणा में मजदूरों को एकजुट करके उन्हें भाजपा सरकार मनरेगा स्कीम में किए जाने वाले बदलावों के बारे में बताएंगे और अगर जरूरत पड़ी तो धरने प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा सरकार को करारा जवाब देने का काम करेंगे। इस मौके पर गुरुग्राम से कांग्रेस व्यापार सैल के प्रदेश उपाध्यक्ष भरत मदान, कुलदीप तंवर, नितिन सिंगला, गुलाब सिंह गुड्डू, कृष्ण राव, संतलाल रावत, प्रदीप धनखड़, प्रमोद धनखड़, बंटी चौधरी सहित अनेकों गणमान्य लोग मौजूद थे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.