कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक हाउस अरेस्ट, समर्थकों का जोरदार विरोध

फरीदाबाद। फरीदाबाद जिला कांग्रेस के अध्यक्ष बलजीत कौशिक को शुक्रवार सुबह क्राइम ब्रांच पुलिस द्वारा हाउस अरेस्ट किए जाने के बाद फरीदाबाद की राजनीति गरमा गई। जैसे ही उनके समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को इस कार्रवाई की सूचना मिली, सैकड़ों की संख्या में लोग सेक्टर-22 स्थित निवास और सेक्टर-9 स्थित कार्यालय पर पहुंच गए और पुलिस प्रशासन द्वारा की गई इस कार्यवाही का विरोध किया।  जानकारी के अनुसार मुजेसर अंडरपास निर्माण को लेकर आजाद नगर क्षेत्र में चल रही तोडफ़ोड़ कार्रवाई के चलते गुरुवार को जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक आजाद नगर पहुंचे थे,

जहां उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर प्रशासन द्वारा की जा रही तोडफ़ोड़ का विरोध किया था। आरोप है कि एचएसवीपी द्वारा निर्धारित निशानदेही से अधिक क्षेत्र में कार्रवाई की जा रही है, जिससे गरीब परिवारों के आशियाने प्रभावित हो रहे हैं। शुक्रवार सुबह प्रशासन की ओर से दोबारा तोडफ़ोड़ अभियान चलाया जाना था। इससे पहले ही क्राइम ब्रांच की टीमें सक्रिय हो गईं और बलजीत कौशिक को उनके निवास और कार्यालय पर निगरानी में रखते हुए उनके सैक्टर-22 स्थित निवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया। इस कार्रवाई की खबर फैलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष फैल गया और बड़ी संख्या में समर्थक मौके पर जमा हो गए।

इस दौरान बलजीत कौशिक ने प्रशासन और सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि एक तरफ  सरकार लोगों को भीषण गर्मी और हीटवेव से बचने की सलाह दे रही है, वहीं दूसरी ओर गरीब परिवारों को इस तपती गर्मी में बेघर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एचएसवीपी जरूरत से ज्यादा क्षेत्र में तोडफ़ोड़ कर रहा है और लोगों के साथ अन्याय किया जा रहा है।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस कार्रवाई को लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास बताते हुए कहा कि गरीबों और आम जनता की आवाज उठाने वाले नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने कार्रवाई नहीं रोकी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेन्द्र ने भी आज जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक से फोन पर बात की और इस कार्यवाही की निंदा करते हुए कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है। पूरी कांग्रेस आपके और आजाद नगर वासियों के साथ खड़ी है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.