नीट पुनर्परीक्षा-2026 के सफल एवं निष्पक्ष आयोजन हेतु जिला प्रशासन की व्यापक तैयारियां
परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोकॉपी दुकानें और कोचिंग सेंटर रहेंगे बंद
फरीदाबाद। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि आगामी नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा-2026 के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। जिले में परीक्षा के लिए कुल 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 6,460 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि परीक्षा से पूर्व जिला प्रशासन, पुलिस विभाग तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के अधिकारियों द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने आज सेक्टर 16 स्थित पंडित जवाहर लाल नेहरू कॉलेज, गवर्मेंट कॉलेज फॉर वुमन, एनएच 04 स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 03, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 01 सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि परीक्षा की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रत्येक केंद्र पर पुलिस कर्मी, जिनमें पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मी शामिल होंगे, ड्यूटी पर रहेंगे।
परीक्षार्थियों की सुरक्षा एवं परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए दो स्तरों पर फ्रिस्किंग की व्यवस्था की गई है। एनटीए की अलग टीम के साथ-साथ पुलिस विभाग भी परीक्षार्थियों की जांच करेगा। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं तथा उनकी निगरानी कंट्रोल रूम के माध्यम से की जाएगी। इसके अतिरिक्त सभी परीक्षार्थियों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण भी किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए जा चुके हैं ताकि किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक या डिजिटल अनियमितता की संभावना समाप्त की जा सके। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
सभी केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त फर्नीचर, वॉल क्लॉक, मेडिकल डेस्क तथा ओआरएस की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। साथ ही निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छता एवं शौचालयों की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दिन यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है ताकि बसों, निजी वाहनों अथवा अन्य माध्यमों से आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि परीक्षा को पूर्णत: निष्पक्ष एवं सुरक्षित बनाने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा 163 के अंतर्गत आदेश पहले ही जारी किए जा चुके हैं। इन आदेशों के तहत परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में फोटोकॉपी एवं जेरॉक्स मशीनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अतिरिक्त जिले के सभी कोचिंग संस्थानों को भी परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
