फरीदाबाद की जनता को कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने दी 9 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
- जनसुविधाओं का विस्तार, विकास को नई रफ्तार सेक्टर 12 टाउन पार्क में आधुनिक विकास कार्यों का भव्य लोकार्पण
इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि आज का यह कार्यक्रम केवल विकास कार्यों के उद्घाटन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक विकसित, आधुनिक, स्वच्छ और व्यवस्थित फरीदाबाद की सोच को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर की पहचान केवल बड़ी इमारतों और चौड़ी सड़कों से नहीं होती, बल्कि वहां रहने वाले नागरिकों को मिलने वाली सुविधाओं, स्वच्छ वातावरण और सार्वजनिक स्थलों की गुणवत्ता से होती है।
विपुल गोयल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य करवाना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि सेक्टर 12 का यह टाउन पार्क आने वाले समय में स्वास्थ्य, मनोरंजन, सामाजिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आयोजनों का एक प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां सुबह की सैर करने वाले नागरिकों, व्यायाम करने वाले युवाओं, बच्चों के साथ समय बिताने वाले परिवारों, महिलाओं तथा वरिष्ठजनों सभी को एक बेहतर और सकारात्मक वातावरण मिलेगा।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद केवल एक शहर नहीं, बल्कि हम सभी का परिवार है और इसकी स्वच्छता, सुंदरता तथा सार्वजनिक संपत्तियों का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि जिस प्रकार सरकार शहर को बेहतर सुविधाएं देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, उसी प्रकार आमजन भी पार्कों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
विपुल गोयल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार में विकास केवल घोषणाओं और कागजों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि धरातल पर दिखाई देता है। आज फरीदाबाद के नागरिक इस बात के साक्षी हैं कि एक विकास कार्य पूरा होते ही दूसरा कार्य तेज़ गति से प्रारंभ हो जाता है। शहर के चारों ओर जहां भी नज़र डालिए, वहां विकास कार्य या तो पूर्ण हो चुके हैं या तेज़ गति से जारी हैं।
