बल्लभगढ़ बाजार में जमकर चला बुलडोजर, सौ दुकानों के आगे बने अतिक्रमण हटाए
फरीदाबाद। नगर निगम के दस्ता ने बाजार में दुकानों के आगे सडक़ पर रैंप और सीढ़ी बनाकर किए गए अतिक्रमण को अर्थमूवर से तोडऩे कार्रवाई की। 100 दुकानों के आगे से यह अतिक्रमण हटाए। इनके टूटने से लोगों को बाजार के अंदर सामान खरीदने के लिए आने-जाने में सुगमता होगी। बल्लभगढ़ का बाजार जयपुर की तर्ज पर चौसर का बनाया गया है। यहां पर बाजार काफी चौड़ा था। जो दुकानदारों द्वारा दुकानों के आगे रैंप और सीढ़ी बना कर किए गए अतिक्रमण और रेहडिय़ों के खड़े करवाने से सिकुड़ गया है। कुछ दुकानदार तो अपनी दुकानों के आगे दो-दो बराबर रेहड़ी खड़ी करवाते हैं और इनसे मासिक किराया वसूल करते हैं। इन रेहडिय़ों के बाद दुकानदारों और ग्राहकों के वाहन खड़े होते हैं। इसके चलते बाजार में से लोगों के लिए पैदल निकलना भी मुश्किल होता है। नगर निगम ने बाजार में दुकानदारों की सीमा तय करने के लिए सफेद लाइन भी लगा दी, लेकिन अतिक्रमण कम नहीं हुआ।
निगम का दस्ता जब भी बाजार में अतिक्रमण हटाने के लिए कार्यालय से चलता है तो उसके आने से पहले रेहड़ी संचालकों और दुकानदारों को इसकी सूचना मिल जाती है। जब वह दस्ता बाजार के अंदर होता है तो रेहडिय़ों को लेकर संचालक रिहायशी कॉलोनियों की गलियों के अंदर खड़े हो जाते हैं। जब दस्ता वापस निगम कार्यालय लौट जाता है तो फिर यह रेहड़ी बाजार में आकर खड़ी हो जाती हैं। इस अतिक्रमण को लेकर नगर निगम ने शुक्रवार को अर्थमूवर से दुकानों के आगे बनाए गए रैंप और सीढिय़ों को तोड़ दिया। यह कार्रवाई शहर में 100 दुकानों के आगे की गई। इस कार्रवाई के बाद बाजार में लोगों आने-जाने में सुविधा होगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम ने दुकानदारों द्वारा बाजार में सडक़ पर दूर तक बनाए रैंप और सीढिय़ों को तोड़ कर अच्छी कार्रवाई की है। इस अतिक्रमण के चलते बाजार में पूरे दिन जाम जैसी स्थिति बनी रहती है।
अब तो अतिक्रमण के चलते बाजार में अंदर जाने के लिए इच्छा नहीं करती। नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई तो अच्छी की है, लेकिन इस अतिक्रमण को करवाने वाले भी नगर निगम के ही कर्मचारी, अधिकारी हैं। जो कर्मचारी दस्ता के बाजार में आने से पहले दुकानदारों को सूचना देते हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। वहीं बल्लभगढ़ नगर निगम जोन के संयुक्त आयुक्त करण सिंह भगोरिया का कहना है कि निगम ने बाजार को रेहड़ी मुक्त बनाने का अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत ही दुकानों के आगे से अतिक्रमण हटा गया है। अब किसी भी रेहड़ी को बाजार में खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। जो रेहड़ी खड़ी मिली तो उसे जब्त कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई के लिए रेहड़ी संचालक खुद जिम्मेवार होंगे।
