मतदाता सूची सत्यापन कार्य में बीएलए-2 करेंगे महत्वपूर्ण सहयोग : एडीसी

- विशेष गहन पुनरीक्षण से पहले सभी बूथों पर बीएलए-2 नियुक्त करें राजनीतिक दल

फरीदाबाद । अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा अपात्र प्रविष्टियों को हटाना है, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाया जा सके। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि पुनरीक्षण प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने राजनैतिक पार्टियों को निर्देश दिए कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू होने से पूर्व अपने-अपने बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) की नियुक्ति सभी मतदान केंद्रों पर सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बीएलए की नियुक्ति से मतदाता सूची के सत्यापन कार्य में सहयोग मिलेगा तथा पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, संशोधन करवाने एवं त्रुटियों को दूर करने की प्रक्रिया अधिक सुगम और पारदर्शी बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि सभी बूथ स्तर अधिकारियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखें और निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करें।

एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है और इसमें प्रशासन के साथ-साथ राजनीतिक दलों एवं आमजन की सहभागिता भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे इस अभियान में सकारात्मक सहयोग प्रदान करें, ताकि जिले में निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।

बैठक में फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, सीटीएम अंकित कुमार, जेजेपी पार्टी से प्रेम सिंह धनकड़, भाजपा से अश्विनी गुलाटी, सीपीएम पार्टी से वीरेंदर सिंह डंगवाल सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.