महिला आरक्षण के नाम पर भाजपा की लोकतंत्र से खिलवाड़ करने की साजिश बेनकाब: बलजीत कौशिक 

फरीदाबाद। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक ने भाजपा को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि महिला आरक्षण के नाम पर भाजपा की लोकतंत्र से खिलवाड़ करने की साजिश बेनकाब हो गई है क्योंकि भाजपा का असली चेहरा अब देश के सामने पूरी तरह उजागर हो चुका है। कौशिक सोमवार को आयोजित पत्रकार सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि सरकार महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन का ऐसा जाल बुन रही थी, जिससे राजनीतिक संतुलन बिगाडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को अपने पक्ष में मोड़ा जा सके। यह केवल महिलाओं के साथ छल नहीं, बल्कि संविधान की मूल भावना पर भी सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि संसद में जो बिल गिरा है, वह महिला आरक्षण विधेयक नहीं, बल्कि भाजपा की साजिशों का ढांचा गिरा है तथा यह देश की जागरूक जनता और मजबूत विपक्ष की जीत है, जिसने लोकतंत्र को बचाने का काम किया।

विपक्ष की एकता ने मोदी सरकार की साजिश को विफल किया है। उन्होंने मांग की कि अगर सरकार सच में कुछ करना चाहती है, तो 2023 में सभी दलों के समर्थन से पास हुए महिला आरक्षण कानून को फिर से लागू करे। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस हमेशा समर्थन में है, हमारी स्पष्ट मांग है कि 2023 के नारी शक्ति वंदन अधिनियम के अनुसार 2029 के लोकसभा चुनावों से ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए।

भाजपा ने बार-बार महिलाओं के सम्मान के नाम पर केवल राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास किया है, लेकिन जमीनी स्तर पर महिलाओं को सशक्त करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। श्री कौशिक ने कहा कि कांग्रेस ही सही मायनों में महिला हितैसी है क्योंकि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने ही सबसे पहले महिलाओं को पंचायती राज में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया था।

इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव अशोक रावल, जिला उपाध्यक्ष रेनू चौहान,  अनिल शर्मा जिला महासचिव सुनीता फागना जिला सचिव नरेश शर्मा जिला सचिव बलजीत सिंह अरोड़ा सरला भामोत्रा नरेश गोयल भी मौजूद थे

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.