प्रदेश में लोकसभा चुनाव में भाजपा करेगी ऐतिहासिक जीत दर्ज -कृष्ण ढुल
भाजपा प्रवक्ता कृष्ण ढुल ने हवन के साथ किया चुनावी कार्यालय का उद्घाटन
गोहाना : भारतीय जनता पार्टी की स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं वरिष्ठ नेता कृष्ण ढुल ने हवन के साथ चुनावी कार्यालय का शुभारम्भ कर लोकसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का दावा किया। इस उपरांत उन्होंने सैकड़ो कार्यकर्ताओं के साथ नई सब्जी मंडी से पुराना बस अड्डा गोहाना में बाइक रैली निकालकर भाजपा स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया।
बाइक रैली का आयोजन जिला महामंत्री युवा मोर्चा भाजपा सत्यवाल दुभेटा ने किया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश प्रवक्ता एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्ण ढुल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कृष्ण ढुल ने जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने बाइक की यात्रा के माध्यम से भाजपा की ऐतिहासिक जीत का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा राष्ट्र को प्रथम मानकर राजनीति करती रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व में देश का डंका बज रहा है।
भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा लोकसभा चुनाव में 400 पार का नारा साकार करने के लिए जी जान से लगे हुए हैं। पार्टी बिना किसी भेदभाव के सब का साथ सबका विकास की नीति के तहत विकास कार्य कर रही है। जिसका लाभ आमजन को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के सभी उम्मीदवार प्रदेश में ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे और विपक्षी उम्मीदवारों के लिए जमानत बचाना भी मुश्किल हो जाएगा।