वर्षों से मैला ढो रहे समाज के साथ ज्यादती कर रही भाजपा सरकार : करण दलाल
पूर्वमंत्री ने दिया सफाई कर्मचारियों के आंदोलन और हड़ताल को समर्थन
फरीदाबाद। वर्षों से मैला ढो रहे समाज के साथ भाजपा सरकार ज्यादती कर रही है। यह बात पूर्व मंत्री करण दलाल ने कही। वह नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे सफाई कर्मचारियों के आंदोलन और हड़ताल को समर्थन देने पहुंचे थे। इसे कर्मचारी आंदोलन को बड़ा राजनीतिक समर्थन माना जा रहा है। पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता करण दलाल ने आंदोलनरत कर्मचारियों के बीच पहुंचकर उनकी मांगों को जायज बताते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर सफाई कर्मचारियों के साथ भेदभाव करने और उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया। पूर्व मंत्री करण दलाल ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों और कस्बों को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कोरोना काल से लेकर आज तक सफाई कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर जनता की सेवा की है, लेकिन सरकार उनकी मेहनत और समर्पण का सम्मान करने के बजाय उनकी मांगों को दबाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज सफाई कर्मचारी अपनी मूलभूत सुविधाओं और अधिकारों के लिए सडक़ों पर उतरने को मजबूर हैं, जो सरकार की नीतियों की विफलता को दर्शाता है। करण दलाल ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को नियमित करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, वेतन बढ़ाने तथा सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने जैसी मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन सरकार इन मांगों को गंभीरता से नहीं ले रही। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं करने में विश्वास रखती है, जबकि जमीनी स्तर पर कर्मचारियों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कर्मचारियों, किसानों और मजदूरों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस पार्टी कभी सफल नहीं होने देगी।
उन्होंने आंदोलनरत कर्मचारियों को आश्वासन देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी हर स्तर पर उनके संघर्ष के साथ खड़ी है और उनकी आवाज को विधानसभा से लेकर सडक़ तक उठाया जाएगा। उन्होंने सरकार से तुरंत कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो आंदोलन और अधिक व्यापक रूप ले सकता है, जिसकी जिम्मेदारी पूरी तरह प्रदेश सरकार की होगी। हड़ताल और समर्थन कार्यक्रम के दौरान पूर्व पार्षद जगन डागर एवं पूर्व पार्षद रोहित सिंगला विशेष रूप से मौजूद रहे। इस अवसर पर सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री, नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश कुमार शास्त्री, जिला प्रधान अनूप चिंडालिया, जिला सचिव अनिल चिंडालिया, जिला जॉइंट सचिव रोकेश चिंडालिया, सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलवीर बालगुहेर, इकाई सचिव महेंद्र कांडिया, जिला कैशियर सुधीर चौटाला, सैनिटेशन विभाग के प्रधान राहुल चिंडालिया, उपप्रधान धर्मसिंह मुल्लाजी, इन्द्रजीत सिंह समेत बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
