भाजपा फरीदाबाद का 30-31 मई को होगा जिला प्रशिक्षण वर्ग, तैयारियां पूरी

- प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगी डॉ. अर्चना गुप्ता - भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग से मजबूत होगा संगठन और कार्यकर्ता : पंकज पूजन रामपाल

फरीदाबाद । भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है और उसकी सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित एवं प्रशिक्षित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के तहत आयोजित प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यशैली और जनसेवा के मूल मंत्रों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा, नई दिशा और संगठन के प्रति अधिक समर्पण की प्रेरणा मिलती है, जिससे भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग तक सरकार की योजनाओं और संगठन की विचारधारा को प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सक्षम बनता है।

भाजपा फरीदाबाद के 30-31 मई को होने वाले जिला प्रशिक्षण वर्ग को लेकर जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें प्रशिक्षण वर्ग की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। इस अवसर पर जिला प्रभारी नरेंद्र वत्स, प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख शैलेन्द्र पांडे, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य व जिला प्रशिक्षण वर्ग प्रमुख ओमप्रकाश रक्षवाल, जिला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग एवं जिला प्रशिक्षण प्रमुख मदन पुजारा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

श्री रामपाल ने बताया कि भाजपा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन देंगी। इसके अलावा केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया, प्रदेश संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली, भारत भूषण जुयाल, प्रदेश आईटी प्रमुख आदित्य चावला, मनीष यादव, लोकेश नागरू, घुमन सिंह किरमिच एवं श्रीमती राजी मलिक विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करते हुए संगठनात्मक और वैचारिक मजबूती प्रदान करेंगे।

श्री रामपाल ने बताया कि दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग की सभी तैयारियां लगभग पूर्ण कर ली गई हैं तथा कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ होगा, जबकि प्रत्येक सत्र की शुरुआत वर्ग गीत से की जाएगी। दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन राष्ट्रगान के साथ होगा। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिसका उद्घाटन खाद्य मंत्री राजेश नागर करेंगे। 30 मई को रात्रि प्रवास रहेगा। कार्यक्रम में फरीदाबाद के सभी मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि एवं संगठन पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख शैलेन्द्र पांडे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में प्रशिक्षण कार्यकर्ता निर्माण की एक निरंतर प्रक्रिया है। पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक एवं सामाजिक विषयों पर प्रशिक्षित कर उन्हें अधिक सक्षम और प्रभावी बनाने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक नहीं बल्कि समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए भी समर्पित रहता है।

बैठक में जिला प्रभारी नरेंद्र वत्स ने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यशैली और जनसेवा के मूल मंत्रों से जोड़ा जाता है। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ कार्यकर्ताओं का अपडेट रहना आवश्यक है और प्रशिक्षण ही साधारण कार्यकर्ता को मजबूत, सक्रिय और दायित्ववान कार्यकर्ता बनाने का कार्य करता है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.