फरीदाबाद में बाइक ने छात्रा को मारी टक्कर:जांघ की हड्डी टूटी; पिता बोले- 6 दिन से चौकी के लगा रहे चक्कर
फरीदाबाद शहर के करनेरा चौक पर सब्जी लेकर वापस घर लौट रही 12 वर्षीय 5वीं कक्षा की छात्रा को तेज स्पीड़ बाइक सवाल ने टक्कर मार दी। स्पीड़ ज्यादा होने के कारण टक्कर से छात्रा की जांघ की हड्डी टूट गई। घायल हालत में उसको अस्पताल लेकर जाया गया, जहां पर सर्जरी करके राड डाली गई। हादसे का एक सीसीटीवी भी सामने आया है।
सीसीटीवी में देखा जा रहा है कि हादसे के बाद छात्रा रोड पर पड़ी रही और दर्द से चिल्लाती रही, लेकिन बाइक सवार उसको अस्पताल लेकर जाने की बजाय मौके से फरार हो गया। बाद में छात्रा के पिता का दोस्त मौके पर पहुंचा और उसको अस्पताल लेकर गया।
6 दिनों से पुलिस के चक्कर लगा रहे
परिवार का आरोप है कि वो 6 दिनों से पुलिस के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायत तक नहीं ली गई है। पिता नितेश कुमार के मुताबिक, सिकरौना चौकी मुंशी और हेड कांस्टेबल अनिल के द्वारा कुछ ना कुछ बहाना बनाकर मामले को टाला जा रहा है।
दूसरी तरफ सिकरोना चौकी इंचार्ज का कहना है कि उनको कोई शिकायत नहीं दी गई है। जब उनको शिकायत मिल जाएगी, तो आगे की कार्रवाही की जाएगी। परिवार को बोला गया है कि उनके पास बाइक की जानकारी है तो पुलिस को बताएं। लेकिन अभी तक भी लिखित रूप में कोई शिकायत नहीं दी गई है।
हादसे के बाद सड़क पर तड़पती रही छात्रा
छात्रा के पिता नितेश कुमार के मुताबिक, हादसा 30 अगस्त को करनेरा बालाजी कॉलोनी स्थित धर्म मेडिकल के पास हुआ। उनकी बेटी वैष्णवी पांचवीं कक्षा में पढ़ती है। वह सड़क पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के तुरंत बाद आरोपी बाइक सवार बाइक लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोग और उसके दोस्त की मदद से छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया।
छात्रा की टांग में डालनी पड़ी रॉड
परिजनों के अनुसार, हादसे में छात्रा की टांग के ऊपर के हिस्से में में गंभीर चोट आई है। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसकी सर्जरी की और टांग में राड डाली गई। घायल बेटी के इलाज के बीच पिता आरोपी बाइक सवार की पहचान और कार्रवाई के लिए पुलिस से संपर्क कर रहे हैं।
पिता का आरोप- 6 दिन से चौकी के चक्कर लगा रहे
नितेश कुमार का आरोप है कि वह 30 अगस्त से अब तक करीब तीन बार सिकरौना चौकी जा चुके हैं। उनका कहना है कि पुलिस की जिम्मेदारी है कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बाइक सवार की पहचान करे, लेकिन पुलिसकर्मियों की ओर से उनसे ही बाइक का नंबर पता करके लाने के लिए कहा जा रहा है।
पिता का सवाल है कि जब वह बेटी के इलाज में व्यस्त हैं, तो छुट्टी लेकर खुद बाइक का नंबर पता करने के लिए कहां-कहां जाए।
