जे.सी.बोस विश्वविद्यालय के मीडिया विभाग में ‘क्लब ओरिएंटेशन’ का आयोजन
फरीदाबाद। जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, वाईएमसीए के संचार एवं मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा नए विद्यार्थियों के लिए ‘क्लब ओरिएंटेशन’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विभागीय क्लबों-‘संचार’, ‘दृश्य’ और ‘युवा फॉर सेवा’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य नवप्रवेशित छात्रों को व्यावहारिक मीडिया अनुभवों और क्लबों की कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।
कार्यक्रम में लिबरल आर्ट्स एंड मीडिया स्टडीज की डीन प्रो.अनुराधा शर्मा मुख्य अतिथि रहीं, जबकि अध्यक्षता विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने की। इस अवसर पर डॉ. सोनिया हुड्डा, डॉ.अखिलेश त्रिपाठी, डॉ. नरेंद्र ढुल, अजय यादव, वरिष्ठ प्रशिक्षक दुष्यंत त्यागी और विशाल बेरवाल सहित कई संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत नए छात्रों के स्वागत से हुई। इसके बाद कोर टीमों ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से सोशल मीडिया हैंडलिंग, एंकरिंग, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, कवरेज और कंटेंट क्रिएशन जैसे विभिन्न पदों व जिम्मेदारियों की जानकारी दी।
विभागाध्यक्ष प्रो.पवन सिंह ने कहा कि कक्षा की पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव ही विद्यार्थियों को उद्योग जगत के लिए तैयार करता है। क्लबों से जुड़े छात्र छुट्टियों के दौरान भी इंटर्नशिप और लाइव प्रोजेक्ट्स के जरिए अपने भविष्य को मजबूत बनाते हैं।
मुख्य अतिथि प्रो.अनुराधा शर्मा ने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, कौशल विकसित करने और व्यक्तित्व निखारने का बेहतरीन अवसर देते हैं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘सरप्राइज प्रशंसा समारोह’ रहा, जिसमें विभागीय गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और समर्पण दिखाने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अंत में, सभी संकाय सदस्यों और विद्यार्थियों ने समाज व मीडिया क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।
