बल्लभगढ़ में धूमधाम से मनाया गया भारतीय मजदूर संघ का 72वां स्थापना दिवस

- मजदूर हित और राष्ट्र निर्माण संगठन का मूल ध्येय: अशोक कुमार

फरीदाबाद । भारतीय मजदूर संघ का 72वां स्थापना दिवस समारोह बृहस्पतिवार को बल्लभगढ़ बस स्टैंड प्रांगण में अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष नीरज मावी ने की, जबकि मंच संचालन कार्यकारी अध्यक्ष शैलेश कुमार द्वारा किया गया। समारोह की शुरुआत जिला मंत्री राजकुमार द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायक ‘संघ गीत’ से हुई।

बीएमएस के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार ने अपने उद्बोधन में संगठन की नीति, रीति और सिद्धांतों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय मजदूर संघ केवल अधिकारों की लड़ाई ही नहीं लड़ता, बल्कि ‘राष्ट्र हित, उद्योग हित और श्रमिक हित’ के मूल मंत्र पर कार्य करता है। उन्होंने संगठन की मजबूती और श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष योगेश शर्मा ने भी अपने विचार रखे और संगठन के 71 वर्षों के गौरवशाली सफर और उपलब्धियों से सभी को जागरूक किया। स्थापना दिवस समारोह में कई संबद्ध यूनियनों के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इनमें ग्रुप फोर कर्मचारी संघ के जिला मंत्री ललित कुमार, नगर निगम अध्यक्ष महेश हुड्डा, पूर्व जिला मंत्री नीरज त्यागी, मटरू लाल, हरियाणा मिल्क फूड कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अजीत सिंह, हरियाणा टूरिज्म से बाबू आर्य व अक्षय महाराणा, ग्रामीण ट्यूबवेल से जिलाध्यक्ष सतीश भाटी तथा हरियाणा रोडवेज कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सोनू नागर अपने साथियों सहित उपस्थित रहे।
You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.