सीलिंग को लेकर डीटीपी और पूर्व सब इंस्पेक्टर में हुई बहस

फरीदाबाद। फरीदाबाद के सेक्टर-76 में शुक्रवार को रिहायशी मकानों में चल रही अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई करने पहुंची डीटीपी की टीम के सामने उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब एक रिटायर्ड पुलिस सब इंस्पेक्टर ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। आरोप है कि रिटायर्ड पुलिसकर्मी रिहायशी मकान में प्रॉपर्टी कार्यालय चला रहे थे। सीलिंग की कार्रवाई का विरोध करते हुए वह डीटीपी अधिकारी के सामने अड़ गए। डीटीपी यजन चौधरी ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से उन्हें हटाने को कहा, लेकिन काफी देर तक पुलिसकर्मी उन्हें हटाने के लिए आगे नहीं आए। इस दौरान मौके पर खूह बहस हुई। डीटीपी अधिकारी के अनुसार, टीम सेक्टर-76 पी ब्लॉक में बिना अनुमति चल रही व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची थी। इसी दौरान रिटायर्ड सब इंस्पेक्टर के प्रॉपर्टी कार्यालय पर टीम पहुंची। आरोप है कि उन्होंने कार्रवाई का विरोध किया और टीम के काम में बाधा डालने का प्रयास किया।

डीटीपी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों से सहयोग मांगा। बताया गया कि इस दौरान डीटीपी अधिकारी ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत करने की बात भी कही। डीटीपी यजन चौधरी ने बताया कि विभाग को रिहायशी मकानों में व्यावसायिक गतिविधियां चलाए जाने की शिकायत मिली थी। जांच के बाद करीब 15 यूनिट में ब्यूटी पार्लर, क्लिनिक, प्रॉपर्टी कार्यालय और बिना अनुमति नर्सिंग होम जैसी गतिविधियां चलती मिलीं। संबंधित लोगों को पहले नोटिस जारी कर गतिविधियां बंद करने के निर्देश दिए गए थे। नोटिस के बावजूद गतिविधियां जारी रहने पर डीटीपी की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने 9 यूनिट को सील कर दिया। वहीं, 4 से 5 यूनिट संचालकों ने टीम के पहुंचने से पहले या कार्रवाई के दौरान खुद ही जगह खाली कर दी। डीटीपी अधिकारी ने बताया कि एक नर्सिंग होम में मरीज भर्ती मिले। मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट करने के लिए संचालक को सोमवार तक का समय दिया गया है। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.