सिलेंडर की कमी से बंद होने के कगार पर अंत्योदय कैंटीन

200 लोगों के भोजन पर संकट, कर्मचारियों की नौकरी दांव पर

फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित लेबर डिपार्टमेंट परिसर में अंत्योदय आहार योजना के तहत चल रही महिला समूह की कैंटीन इन दिनों गैस सिलेंडर की भारी कमी से जूझ रही है। एक ओर सरकार देश में पर्याप्त गैस उपलब्ध होने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर इस सस्ते भोजन केंद्र को सिलेंडर नहीं मिल पाने के कारण संचालन में गंभीर परेशानी आ रही है। यह कैंटीन हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महिला समूह की सदस्य पूनम द्वारा चलाई जा रही है। यहां लोगों को केवल ₹10 में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाता है, जिससे मजदूर, कर्मचारी और जरूरतमंद लोग बड़ी संख्या में लाभ उठाते हैं।

लेकिन पिछले कई दिनों से गैस सिलेंडर की आपूर्ति न होने के कारण कैंटीन चलाना मुश्किल हो गया है। पूनम ने बताया कि उन्हें अपनी कैंटीन के लिए एजेंसी से गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। मजबूरी में उन्हें अपने गांव और जान-पहचान वालों से सिलेंडर मंगवाकर किसी तरह खाना बनाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि कैंटीन में कुल 4 सिलेंडर हैं, जो हर तीसरे या चौथे दिन खाली हो जाते हैं। सिलेंडर खत्म होने के बाद उन्हें नए सिलेंडर की व्यवस्था करने के लिए इधर-उधर भागदौड़ करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें एजेंसी से आसानी से सिलेंडर मिल जाता था, लेकिन अब काफी कोशिश करने के बावजूद गैस उपलब्ध नहीं हो रही। इससे कैंटीन का काम प्रभावित हो रहा है और कर्मचारियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

कैंटीन में करीब 10 लोग काम करते हैं, जिनकी रोजी-रोटी इसी पर निर्भर है। रोजाना लगभग 200 लोग इस कैंटीन में खाना खाने आते हैं। इनमें अधिकतर मजदूर और कम आय वाले लोग शामिल हैं, जो सस्ते भोजन के लिए इस योजना पर निर्भर रहते हैं। यदि गैस की समस्या बनी रहती है तो इन लोगों को भी भोजन के लिए भटकना पड़ सकता है। पूनम ने बताया कि फिलहाल वे किसी तरह जुगाड़ करके कैंटीन चला रही हैं, लेकिन यदि जल्द ही सिलेंडर की नियमित आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो उन्हें मजबूर होकर कुछ दिनों के लिए कैंटीन बंद करनी पड़ सकती है। इससे न केवल कर्मचारियों का काम प्रभावित होगा, बल्कि सस्ते भोजन पर निर्भर सैकड़ों लोगों की परेशानी भी बढ़ जाएगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.