फैक्टरी अग्रिकांड में एक और फायर बिग्रेड कर्मी की हुई मौत

फरीदाबाद। सेक्टर-24 स्थित इंडस्ट्रियल एरिया में हुए भीषण आगजनी और केमिकल ड्रम ब्लास्ट ने सात दिनों में छह जिंदगियां छीन ली हैं। रविवार देर रात हादसे में घायल फायर ब्रिगेड कर्मचारी 48 वर्षीय रणबीर ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। रणबीर गांव अटाली के रहने वाले थे और आग बुझाने के दौरान गंभीर रूप से झुलस गए थे। उनकी मौत के साथ ही मृतकों की संख्या बढक़र छह हो गई है।

यह दर्दनाक 16 फरवरी को शाम को मुजेसर क्षेत्र में स्थित शिव स्टील और कालका जी लुब्रिकेंट केमिकल वर्कशॉप में हुआ था। आग लगने के बाद वर्कशॉप में रखे केमिकल से भरे ड्रमों में एक के बाद एक कई जोरदार धमाके हुए। धमाकों की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 35 से अधिक लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। घटना के बाद दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

सभी घायलों को तुरंत निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि कई गंभीर रूप से झुलसे लोगों को दिल्ली रेफर किया गया। हादसे के चौथे दिन वर्कशॉप मालिक के 25 वर्षीय बेटे अभिषेक मोंगा और कर्मचारी प्रदीप की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद पांचवें दिन एक फायर ब्रिगेड कर्मचारी भविचंद्र ने भी दम तोड़ दिया।

छठे दिन मुजेसर थाने में तैनात पीएसआई रवि की भी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पीएसआई रवि के मौत के दौरान उसी अस्पताल में एक घंटे के भीतर मथुरा के 21 वर्षीय ब्रिजपाल ने भी दम तोड़ दिया था। अब सातवें दिन फायर ब्रिगेड कर्मचारी रणबीर की मौत के साथ मृतकों का आंकड़ा छह पहुंच गया है। लगातार हो रही मौतों से पुलिस विभाग, फायर बिग्रेड और स्थानीय प्रशासन में शोक की लहर है।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.