फरीदाबाद सर्कल में अधीक्षण अभियंता अमित कम्बोज ने संभाला कार्यभार
फरीदाबाद। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के फरीदाबाद सर्कल में नव नियुक्त अधीक्षण अभियंता अमित कम्बोज ने आज अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के उपरांत उन्होंने सर्कल कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर परिचय प्राप्त किया तथा बिजली वितरण व्यवस्था, उपभोक्ता सेवाओं और विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। अधीक्षण अभियंता अमित कम्बोज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपभोक्ता शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही राजस्व संग्रह में सुधार, लाइन लॉस में कमी, बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण तथा सरकार एवं निगम की जनकल्याणकारी योजनाओं का पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि टीम भावना के साथ कार्य करते हुए उपभोक्ता संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी तथा निगम की सेवाओं को और अधिक उत्तरदायी, पारदर्शी एवं प्रभावी बनाया जाएगा। इस अवसर पर सर्कल कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अधीक्षण अभियंता अमित कम्बोज का स्वागत किया तथा उन्हें पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
