कर्मचारी राज्य बीमा निगम क्षेत्रीय कार्यालय हरियाणा और होमी भाभा टाटा स्मारक केंद्र के मध्य करार
फरीदाबाद । हरियाणा क्षेत्र के बीमाकृत व्यक्तियों को बेहतर चिकित्सा सेवा प्रदान करने के लिए कर्मचारी राज्य बीमा निगम क्षेत्रीय कार्यालय हरियाणा निरंतर प्रयासरत है। अति विशिष्ट उपचार करने के लिए क्षेत्रीय कार्यालय हरियाणा ने करार किया है। इसी कड़ी में सरकार के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों के साथ भी करार किए जा रहे हैं, जिससे श्रमिकों को उच्चतम कोटि का इलाज प्राप्त हो सके।
इस कड़ी में समस्त प्रकार के कैंसर इलाज के लिए टाटा स्मारक केंद्र की इकाई होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, पंजाब के साथ करार किया गया है। पंजाब स्थित इस केंद्र के दो अस्पतालों होमी भाभा कैंसर अस्पताल तथा अनुसंधान केंद्र न्यू चंडीगढ़ तथा होमी भाभा कैंसर अस्पताल संगरूर के माध्यम से बीमाकृत व्यक्तियों को निःशुल्क इलाज मिल पाएगा। न्यू चंडीगढ़ स्थित अस्पताल में 300 बिस्तर की क्षमता है वहीं संगरूर स्थित अस्पताल में 125 बिस्तर की क्षमता है। बीमाकृत व्यक्तियों को यहाँ परामर्श, जाँच, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी तथा सर्जरी की सुविधा देने के लिए अनुबंध किया गया है।
हरि ओम प्रकाश, क्षेत्रीय निदेशक, कर्मचारी राज्य बीमा निगम, क्षेत्रीय कार्यालय हरियाणा ने इस अवसर पर होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र, पंजाब के निदेशक डॉ आशीष गुलिया का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बोलते हुए उन्होंने कहा कि कर्मचारी राज्य बीमा निगम बीमाकृत व्यक्तियों के हर संभव उपचार के लिए प्रयासरत है।
टाटा स्मारक अस्पताल मुंबई 1941 में स्थापित हुआ। आज देश भर से कैंसर मरीज इलाज के लिए वहाँ जाते हैं, जिसमें उच्चतम कोटि का कैंसर इलाज मिलता है और इलाज की लागत भी बहुत कम आती है। उत्तर भारत के मरीजों को इलाज के लिए मुंबई जाने में आ रही कठिनाइयों को समझते हुए पंजाब में वर्ष 2022 से टाटा स्मारक केंद्र ने इन दो अस्पतालों को स्थापित किया गया है। तब से यहाँ हज़ारों मरीज़ अपना इलाज करवा चुके हैं।
