एकॉर्ड अस्पताल ने लगाया स्वास्थ्य जांच शिविर, 400 मरीजों ने कराई जांच
फरीदाबाद। सेक्टर-3 स्थित अग्रवाल पब्लिक स्कूल में रविवार को एकॉर्ड सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल की तरफ से नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 400 मरीजों ने विभिन्न रोगों की जांच कराकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। हृदय, हड्डी एवं जोड़, पेट, लीवर, फेफड़े, कैंसर तथा न्यूरो संबंधी समस्याओं को लेकर डॉक्टरों से सलाह ली। शिविर में आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. नमन गोयल सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच की। साथ ही शुगर, ब्लड प्रेशर, ईसीजी, हीमोग्लोबिन, एसपीओ-2 और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण भी किए गए।
मरीजों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार उपचार एवं जीवनशैली से जुड़े सुझाव दिए गए। डॉ. नमन गोयल ने बताया कि युवाओं में कम उम्र में भी हड्डी और जोड़ों की समस्याएं बढ़ रही हैं। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और सही जीवनशैली अपनाकर इन समस्याओं से बचा जा सकता है। कार्डियोलॉजी विभाग के विशेषज्ञों ने बताया कि उच्च रक्तचाप, मधुमेह और तनाव हृदय रोगों के प्रमुख कारण हैं। समय-समय पर जांच कराने से गंभीर बीमारियों का खतरा कम किया जा सकता है। गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञ ने कहा कि अनियमित खानपान और बाहर के भोजन के अत्यधिक सेवन से पेट, लीवर एवं आंत संबंधी रोग बढ़ रहे हैं। लोगों को खानपान पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
वहीं श्वास रोग विभाग के चिकित्सकों ने बताया कि बढ़ते प्रदूषण और धूम्रपान के कारण फेफड़ों एवं श्वास संबंधी बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं। शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। न्यूरो एवं स्पाइन विशेषज्ञों ने कहा कि लंबे समय तक मोबाइल और कंप्यूटर के उपयोग से गर्दन व रीढ़ की समस्याएं बढ़ रही हैं। सही मुद्रा में बैठने और नियमित शारीरिक गतिविधि पर ध्यान देना जरूरी है। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उनके क्षेत्र में उपलब्ध कराना तथा गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना है। शिविर में पहुंचे लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की मांग की।
