ई-20 पेट्रोल के नाम पर जनता की जेब पर डिजिटल तानाशाही बर्दाश्त नहीं करेगी आम आदमी पार्टी : डॉ. सुशील गुप्ता
आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष बोले, लोगों को पेट्रोल पम्पों पर शुद्ध पेट्रोल का विकल्प दें केंद्र सरकार
फरीदाबाद। आम आदमी पार्टी हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने केंद्र सरकार की ई-20 पेट्रोल नीति को जनता पर जबरन थोपा गया ‘आर्थिक और तकनीकी अत्याचार’ करार दिया। फरीदाबाद की धरती से ‘गाड़ी बचाओ-मोदी हटाओ’ की हुंकार भरते हुए डॉ. गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार ग्रीन ट्रांज़िशन के नाम पर आम जनता की मेहनत की कमाई लूटना और विदेशी ताकतों को फायदा पहुंचाना बंद करे। डा. गुुप्ता रविवार को सेक्टर-16 स्थित जाट भवन में आयोजित राज्य स्तरीय टाउनहॉल को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने इथेनॉल के इस्तेमाल से खराब हुई गाडिय़ों के पीडि़तों से बातचीत की और उनकी समस्याएं जानी वहीं उन्हें भविष्य के लिए सुरक्षित दिशा निर्देश भी दिए। डा. गुप्ता को सुनने के लिए जाट भवन में हजारों लोग उपस्थित हुए वहीं वर्चुअल रुप से भी हजारों लोगों ने उनकी बातें ध्यानपूर्वक सुनीं। इस मौके पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री डा. राजेंद्र शर्मा सहित अन्य नेताओं ने डा. सुशील गुप्ता का फरीदाबाद आगमन पर जोरदार स्वागत किया। आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डा. गुप्ता ने कहा कि एक अगस्त को दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में हुए नेशनल टाउनहॉल में 7 लाख से ज़्यादा लोगों ने ऑनलाइन और हज़ारों लोगों ने फिजिकली जुडक़र ई-20 के खिलाफ़ आवाज़ उठाई।
यह आँकड़ा साधारण नहीं, बल्कि बर्बाद हो रही गाडिय़ों और ई-20 से परेशान जनता का सीधा आक्रोश है। उन्होंने कहा कि पुरानी गाडिय़ों के लिए बिना किसी सपोर्ट के ई-20 लागू कर दिया गया है। लोगों की गाडिय़ों के इंजन और फ्यूल पंप सड़ रहे हैं, माइलेज गिर रही है, लेकिन सरकार असली पेट्रोल का पूरा दाम वसूल रही है। यह सीधे तौर पर आम नागरिक की जेब पर डकैती है। भारत ने पिछले साल करीब 1 अरब लीटर इथेनॉल अमेरिका से इंपोर्ट किया। सवाल यह है कि ई-20 नीति देश हित में है या अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प और विदेशी शक्तियों को खुश करने के लिए? ग्रीन ट्रांज़िशन की आड़ में अमेरिकी इथेनॉल आयात का खेल अब जनता के सामने आ चुका है।
डा. सुशील गुप्ता ने कहा कि ई-20 से इंजन खराब होने का सच दिखाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स और इन्फ्लुएंसर्स को डराया-धमकाया जा रहा है तथा उनके अकाउंट ब्लॉक किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री जी संवाद से भाग रहे हैं—अरविंद केजरीवाल जी ने एक महीने पहले मिलने का समय मांगा था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। हम हरित बदलाव के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन यह जनता को तबाह करके नहीं होना चाहिए! डा. गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार के समक्ष तीन मांगें रखती है, हर पंप पर ई-20 के साथ ‘प्योर पेट्रोल’ का विकल्प मिले, इथेनॉल सस्ता होने के कारण ई-20 की कीमत काफी कम की जाए तथा देश में पेट्रोल के दाम तुरंत 84/लीटर से कम किए जाएं। वहीं डा. गुप्ता ने आम जनता और युवाओं से अपील करते हुए कहा कि जब तक सेफ (सुरक्षित) ईंधन और गाडिय़ां पूरी तरह उपलब्ध न हों, तब तक जल्दबाजी में गाडिय़ां न खरीदें।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर सरकार ने ई-20 के नाम पर जनता का शोषण बंद नहीं किया, तो आम आदमी पार्टी सडक़ से लेकर संसद तक इस लड़ाई को लड़ेगी और मोदी सरकार को जनता की आवाज़ सुनने पर मजबूर कर देगी। इस मौके पर पं. राजेंद्र शर्मा, जिलाध्यक्ष रविन्द्र फौजदार, जयपाल शर्मा प्रदेश उपाध्यक्ष बीके कौशिक, रजनीश जैन महिला विंग हरियाणा, जगमग मटौर जिलाध्यक्ष कैथल, रामबीर भार्गव सेवाानिवृत्त फोर्ड प्रधान, गोविंद भार्गव, नरेश शर्मा, राकेश भड़ाना, भीम यादव, सुरेंद्र अहलावत प्रदेश उपाध्यक्ष, शोभा श्रीवास्तव, विजय गोदारा, दिनेश भारद्वाज, कौशल ततारपुर, निरंजन सिंह सरपंच, डीएनटी महेश कुमार, महावीर जिलाध्यक्ष पलवल सहित अनेकों आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।
