रसोई गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने किया प्रदर्शन

फरीदाबाद। रसोई गैस सिलेण्डरों की हो रही किल्लत एवं कालाबाजारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी की जिला इकाई ने आज बाटा पुल के नीचे केन्द्र व प्रदेश की सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन मंत्री पं. राजेन्द्र शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता राकेश भड़ाना, जिलाध्यक्ष रविन्द्र फौजदार, लोकसभा अध्यक्ष अमन गोयल, महिला विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष नीतू मान, प्रवक्ता नरेश शर्मा, भीम यादव, सुदेश राणा, देवराज सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी संगठन मंत्री पं.राजेन्द्र शर्मा व प्रदेश प्रवक्ता राकेश भड़ाना ने कहा कि जुमलेबाज भाजपा का चेहरे आम जनता के सामने आ गया है।

गरीब, मजदूरों को खाना पकाने के लिए सिलेण्डर तक नहीं मिल पा रहे है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार यह दावा कर रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस सिलेंडर की भारी किल्लत है और कालाबाजारी भी हो रही है। उनका कहना है कि लोग सुबह-सुबह उठकर गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनों में लग रहे हैं, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा। उन्होंने कहा कि गैस संकट का असर आम जनता के साथ-साथ कारोबारियों पर भी पड़ रहा है। औद्योगिक नगरी में कई ढाबे बंद होने की कगार पर हैं और कई होटल पहले ही बंद हो चुके हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूलों और अस्पतालों तक में गैस की कमी की स्थिति बन गई है। उन्होंने कहा कि बाजार में गैस सिलेंडर 2000 से 3000 रुपए तक में बिक रहा है, जिससे आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। आप जिलाध्यक्ष रविन्द्र फौजदार, महिला विंग की प्रदेश उपाध्यक्ष नीतू मान ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ  सरकार कह रही है कि गैस की कमी नहीं है, वहीं दूसरी तरफ  लोगों को केरोसिन देने की बात की जा रही है।

अगर गैस की कमी नहीं है तो फिर लोगों को केरोसिन क्यों दिया जा रहा है। उनका कहना था कि पूरे प्रदेश में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइनें लगी हुई हैं, लेकिन सरकार इस हकीकत को नजरअंदाज कर रही है। आप लोकसभा अध्यक्ष अमन गोयल ने जिला उपायुक्त आयुष सिन्हा से मांग की है कि गैस सिलेण्डर की इस काला बाजारी पर अंकुश लगाते हुए सिलेण्डर ब्लैक कर रहे लोगों पर छापेमारी करें क्योंकि सिलेण्डर ब्लैक करने वाले जो पहले गरीब जनता के छोटे सिलेण्डर 80 रूपए किलो में रिफिल करते है वह अब 500 रूपए किलो तक गैस छोटे सिलेण्डरों में रिफिल कर रहे है। उन्हें रोका जाए और छापेमारी की जाए। साथ ही लोगों को सिलेण्डर मुहिम करवाया जाए।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.