स्कूल की छत पर गिरी मकान की दीवार, दस बच्चे दबे
फरीदाबाद। फरीदाबाद में शनिवार को प्राइवेट स्कूल के साथ बन रही निर्माणाधीन इमारत की दीवार अचानक स्कूल की छत पर गिर गई। दीवार गिरने से स्कूल की छत टूटकर नीचे आ गिरी। इससे वहां पढ़ाई कर रहे बच्चे छत के मलबे के नीचे दब गए। हादसा होते ही स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल स्टाफ ने तुरंत बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया। किसी तरह मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला गया, लेकिन चार बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कुछ अन्य बच्चों को भी चोटें आई हैं। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए बीके अस्पताल लेकर जाया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही बच्चों के परिजन भी पहले स्कूल और फिर अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। उधर, हादसे के बाद स्कूल को भी तुरंत खाली करा दिया गया। पुलिस ने उस मकान का भी निरीक्षण किया, जिसकी दीवार टूटकर गिरी।
पता किया जा रहा है कि मकान का निर्माण नियमानुसार हो रहा था या नहीं। खेड़ी पुल थाना इलाके में भारत कालोनी के 35 फुट रोड़ पर हंस मेमोरियल पब्लिक स्कूल है। जानकारी के मुताबिक शनिवार को अचानक तेज आंधी के कारण स्कूल के साथ बनाए जा रहे कई मंजिल के मकान की दीवार का एक बड़ा हिस्सा स्कूल की छत पर आकर गिर गया। जिससे स्कूल की छत बच्चों के ऊपर गिर गई। छत गिरते ही स्कूल में अफरा -तफरी का माहौल बन गया। स्कूल स्टाफ ने बच्चों को मलबे के नीचे से निकालना शुरू किया। दीवार यूकेजी क्लास के बच्चों के ऊपर गिरी थी। इसमें दीप्ती, दिव्या, मीरा, नंदू को सिर में गंभीर चोट आई है। सभी की उम्र 6 से 7 साल के बीच है। सभी के सिर में चोट आईं हैं। बच्चों इलाज के लिए बीके अस्पताल में लेकर जाया गया है। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मी खुर्शीद ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है, जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
