जिला कारागार में नशीला पदार्थ पहुंचाने की बड़ी साजिश नाकाम

फरीदाबाद। जिला कारागार फरीदाबाद में जेल प्रशासन की सतर्कता, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था तथा त्वरित कार्रवाई के चलते नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी एक गंभीर साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया। सूचना के आधार पर उप अधीक्षक (सुरक्षा) की निगरानी में गठित जेल स्टाफ की विशेष टीम द्वारा सोमवार को सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान बैरक नंबर-18 के समीप तीसरे कोर्ट की दीवार के पास टेप में लिपटी एक बॉल बरामद की गई, जो पीले, सफेद एवं गुलाबी रंग की थी तथा जिस पर राजा गोल्ड अंकित था। जांच करने पर बॉल के भीतर सुल्फानुमा नशीला पदार्थ पाया गया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि उक्त नशीली वस्तु को विचाराधीन बंदी मोहित पुत्र दिनेश, निवासी ऊँचा गांव, बल्लभगढ़ के निर्देश पर जेल परिसर में फिंकवाया गया था।

इस साजिश को अंजाम देने हेतु पवन पुत्र कुमेरपाल, निवासी ऊँचा गांव, बल्लभगढ़, जो हाल ही में जमानत पर जेल से रिहा हुआ था, द्वारा जेल के बाहर से बॉल फेंकी गई। इसके अतिरिक्त, जेल के भीतर से निगरानी कैदी गौरव पुत्र धर्मबीर, निवासी ग्राम पंचोली, जिला फरीदाबाद की संलिप्तता भी सामने आई है। बरामद नशीले पदार्थ का कुल वजन 17 ग्राम पाया गया है। इस प्रकरण में संलिप्त सभी व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई हेतु थाना सदर बल्लभगढ़ को सूचना प्रेषित कर दी गई है। जेल प्रशासन फरीदाबाद द्वारा समय रहते की गई इस प्रभावी कार्रवाई से जेल परिसर में नशीले पदार्थों की आपूर्ति के प्रयास को सफलतापूर्वक रोका गया है। प्रशासन भविष्य में भी ऐसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कड़ी निगरानी एवं सख्त कार्रवाई जारी रखेगा।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.