स्वच्छता और देशभक्ति के संदेश के साथ सेक्टर-11 से निकली भव्य तिरंगा यात्रा

फरीदाबाद। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (भारत सरकार) के ‘मेरा युवा भारत’ (माय भारत) के तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस और ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ के अवसर पर सेक्टर-11 स्थित छोटूराम पार्क (पॉकेट-डी) से एक भव्य तिरंगा यात्रा एवं स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें स्थानीय युवाओं और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

यह तिरंगा यात्रा छोटूराम पार्क से शुरू होकर सेक्टर-11, 10, और 7 के प्रमुख मार्गों तथा जे.सी. बोस विश्वविद्यालय (वाईएमसीए) के सामने से होती हुई पुनः छोटूराम पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोषों के साथ-साथ प्रतिभागियों ने ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। नागरिकों को सिंगल-यूज प्लास्टिक का बहिष्कार करने, कचरा सही स्थान पर डालने और स्वच्छता को दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस सफल आयोजन का नेतृत्व जिला नेहरू युवा स्वयंसेवक दीक्षांत शर्मा ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद जिला युवा अधिकारी प्रियांक मलिक ने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि युवा शक्ति के सकारात्मक प्रयासों से ही स्वच्छ, सशक्त और विकसित भारत का निर्माण संभव है। समापन पर सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.