सतयुग दर्शन ट्रस्ट द्वारा वसुंधरा भोपानी परिसर में 11 जुलाई को लगेगा नि:शुल्क मेडिकल कैम्प

फरीदाबाद। जनसेवा एवं स्वास्थ्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए सतयुग दर्शन ट्रस्ट (रजि.) द्वारा आगामी शनिवार 11 जुलाई 2026 को प्रात 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक विशाल नि:शुल्क मेडिकल कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर सतयुग दर्शन ट्रस्ट परिसर, सेक्टर-89, भोपानी (फरीदाबाद) में आयोजित होगा तथा इसमें सर्वोदय हॉस्पिटल, फरीदाबाद का विशेष सहयोग रहेगा। इस मेगा मेडिकल कैम्प में क्षेत्रवासियों को पूरी तरह नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर में अनुभवी चिकित्सकों द्वारा जनरल मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, दंत चिकित्सा, अस्थि रोग (ऑर्थोपेडिक्स) तथा बाल रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञताओं की ओपीडी सेवाएं प्रदान की जाएंगी। शिविर के दौरान मरीजों को नि:शुल्क परामर्श, नि:शुल्क दवाइयां तथा आवश्यक ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, ईसीजी, सीबीसी एवं अन्य आवश्यक जांचें भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।

सत्युग दर्शन ट्रस्ट (रजि.) एक प्रतिष्ठित सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्था है, जो विगत कई दशकों से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण तथा मानवीय सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाकर उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। ट्रस्ट के अंतर्गत संचालित सतयुग दर्शन विद्याालय, सतयुग दर्शन संगीत कला केन्द्र, चैरिटेबल डिस्पेंसरी एवं लैब, नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर, नेत्र जांच एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम, महिला सशक्तिकरण एवं कौशल विकास पहल, तथा समय-समय पर आयोजित विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज सेवा के प्रति ट्रस्ट की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। इसी सेवा-भाव और मानव सेवा ही सर्वोच्च सेवा के आदर्श को आगे बढ़ाते हुए सतयुग दर्शन ट्रस्ट नि:शुल्क मेडिकल कैम्प का आयोजन कर रहा है। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं जरूरतमंद नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक जांच, नि:शुल्क दवाइयां एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान करना है, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक अभाव के कारण बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित न रहे।

गौरतलब है कि सतयुग दर्शन ट्रस्ट द्वारा जन सुविधा हेतु सम्पूर्ण भारत में 16 डिस्पैंसरी चल रही हैं, जिनमें कुशल डॉक्टर्स हैं जो कि आने वाले मरीजों की पूर्णरूपेण देखभाल करते हैं एवं सही दिशा निर्देशन भी देते हैं जिससे शारीरिक रूप से व्यक्ति सकुशल हो सके। आपको जानकर ख़ुशी होगी कि प्रति वर्ष लगभग 2 लाख मरीज इन सभी डिस्पेंसरियों से लाभ उठाते हैं। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 15 से अधिक आसपास के गांवों—पुराना भोपानी, कृष्णा कॉलोनी, रिवाजपुर, बादशाहपुर, लालपुर, कंवरा, जसाना, भोपानी मोड़, देहा, टिकावली, महावतपुर, नचौली, दधासिया, मनिहावली सहित अन्य क्षेत्रों—से आने-जाने के लिए नि:शुल्क परिवहन सुविधा की व्यवस्था भी की गई है। शिविर में आने वाले मरीजों एवं उनके साथ आने वाले परिजनों के लिए स्वास्थ्यवर्धक जलपान (रिफ्रेशमेंट) की भी नि:शुल्क व्यवस्था रहेगी।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.