हरियाणा में नायब सिंह सैनी ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे। बुधवार (16 अक्टूबर) को पंचकूला में BJP विधायक दल की मीटिंग में उन्हें नेता चुना गया। मीटिंग में विधायक कृष्ण बेदी ने नायब सैनी के नाम का प्रस्ताव रखा। जिसका अनिल विज और आरती राव ने समर्थन किया। फिर सभी विधायकों ने नायब सैनी के नाम पर सहमति दे दी।
इसके बाद गृह मंत्री अमित शाह ने नायब सैनी के सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुने जाने की घोषणा की। शाह ने कहा- हरियाणा की स्थापना से लेकर अब तक कोई भी मुख्यमंत्री लगातार तीसरी बार सफल नहीं हुआ। युवा नायब सैनी के नेतृत्व में हम तीसरी बार चुनाव जीत पाए हैं। शाह के साथ मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी ऑब्जर्वर के तौर पर मौजूद रहे।
इसके बाद नायब सैनी ने अमित शाह के साथ राजभवन जाकर गवर्नर बंडारू दत्तात्रेय के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया। इस दौरान 3 निर्दलीय विधायकों ने भी BJP को समर्थन का पत्र सौंपा।
कल गुरुवार को 11 बजे पंचकूला के शालीमार ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसमें PM नरेंद्र मोदी समेत भाजपा और NDA के सहयोगी दलों के शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत 37 नेता मौजूद रहेंगे।
रात को भाजपा विधायकों का डिनर का प्रोग्राम
मुख्यमंत्री नायब सैनी आज सीएम आवास पर सभी नवनिर्वाचित विधायकों को डिनर कराएंगे।
विधायकों के अलावा, डिनर में केंद्रीय मनोहर लाल खट्टर, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, प्रभारी सतीश पूनिया समेत भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
अमित शाह दिल्ली वापस लौटे
गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली वापस लौट गए हैं। वे रात को फिर हरियाणा आएंगे और कल 11 बजे शपथग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
