पुनहाना से कांग्रेस की टिकट पर दावेदारी ठोक रहे इरशाद चेयरमैन ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक
आगामी 7 जुलाई को नूंह अनाजमंडी में हुड्डा की रैली में दलबल के साथ करेंगे शिरकत
नूंह, आस मोहम्मद
पुनहाना विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर अपनी दावेदारी ठोक रहे पंचायत समिति के चेयरमैन इरशाद ने अपने पुनहाना निवास पर कार्यकर्ताओं की बैठक ली। जिसमें कार्यकर्ताओं की भारी भीड देख इरशाद चेयरमैन गदगद नज़र आए और उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पुनहाना विधानसभा से पिछले दस सालों में दो खानदानों का दबदबा रहा है। जिन्होंने पुनहाना क्षेत्र की जनता के लिए कोई विकास कार्य नहीं किए। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय ये नेता क्षेत्र की जनता से बड़े बड़े वादे करते हैं।
लेकिन चुनाव जीतने के बाद पांच साल तक जनता के बीच दिखाई नहीं देते। लेकिन जब चुनाव नजदीक आते हैं तो फिर से जनता के बीच आकर जनता को बरगलाते हुए एक बार फिर मौका देने की बात करते हैं। लेकिन अब पुनहाना क्षेत्र की जनता इन नेताओं की चाल को समझ चुकी है और अब इनके बहकावे में नहीं आने वाली। उन्होंने कहा कि पुनहाना की जनता ने उन्हें पिछले दो बार से पंचायत समिति पुनहाना का चेयरमैन बनाया हुआ है, जिससे आपके सामने उनकी ईमानदारी और उनके द्वारा कराए गए विकास कार्य सब जग जाहिर है। उन्होंने कहा कि वो कांग्रेस के पक्के और सच्चे सिपाही हैं। इस बार कांग्रेस पुनहाना से ईमानदार युवा और साफ छवि के नेता आपके भाई इरशाद चेयरमैन को कांग्रेस अपना टिकट देगी।
उन्हें उम्मीद ही नहीं पूरा भरोसा है कि आने वाले विधानसभा चुनाव में आपके मिल रहे प्यार और समर्थन से वो चुनाव जीतकर एक नया इतिहास लिखेंगे और पुनहाना के विकास में एक नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 7 जुलाई को नूंह की अनाजमंडी में होने वाली भूपेंद्र सिंह हुड्डा की रैली में सभी कार्यकर्ता तैयार रहें। पुनहाना से 7 जुलाई को भारी दलबल के साथ भूपेंद्र सिंह हुड्डा की रैली में शिरकत करेंगे। इस दौरान भुरू सरपंच ने कहा कि अबकी बार दो राजनितिक घरानों की तानाशाही और राजनीति खत्म करने का जनता के पास मौका है और इस बार इन दोनों बड़े नेताओं को हराकर पुनहाना से एक नया इतिहास लिखना है।
