21 नवंबर को आयोजित होगी विशेष लोक अदालत, चेक बाउंस के मामलों का आपसी समझौते से होगा निपटारा
- पक्षकार 20 नवंबर तक संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत कर सकते हैं अपने मामले, लंबित अपीलें भी होंगी शामिल
यह विशेष लोक अदालत जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीप सिंह की अध्यक्षता में तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जितेंद्र सिंह की देखरेख में आयोजित की जाएगी। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जितेंद्र सिंह ने बताया कि जिन व्यक्तियों के चेक बाउंस से संबंधित मामले न्यायालयों में लंबित हैं और वे आपसी सहमति से अपने विवाद का समाधान करवाना चाहते हैं, वे 20 नवंबर 2026 तक किसी भी कार्य दिवस में अपने संबंधित न्यायालय में उपस्थित होकर अपने मामले को विशेष लोक अदालत में निपटारे के लिए प्रस्तुत कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि चेक बाउंस से संबंधित लंबित अपीलों को भी इस विशेष लोक अदालत में शामिल किया जाएगा, ताकि संबंधित पक्षकार आपसी समझौते के माध्यम से अपने विवादों का शीघ्र, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान प्राप्त कर सकें। लोक अदालत के माध्यम से मामलों का निपटारा होने से पक्षकारों के समय, धन और ऊर्जा की बचत होती है। इसके साथ ही विवादों का समाधान बिना किसी अनावश्यक देरी के आपसी सहमति से संभव हो पाता है। उन्होंने बताया कि लोक अदालत का निर्णय अंतिम एवं सभी पक्षकारों पर बाध्यकारी होता है।
उन्होंने संबंधित पक्षकारों से अपील की कि वे इस विशेष लोक अदालत का लाभ उठाते हुए अपने लंबित मामलों का आपसी समझौते के आधार पर निपटारा करवाएं। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं अथवा हेल्पलाइन नंबर 0129-2261898 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
