गाय सेवा ही राष्ट्रसेवा और नारायण सेवा है : पुरुषोत्तमाचार्य महाराज

फरीदाबाद। सूरजकुंड मार्ग स्थित श्रीसिद्धदाता आश्रम-श्रीलक्ष्मीनारायण दिव्यधाम के प्रमुख प्रकल्प में जनहित सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित श्रीनारायण गौशाला में मंगलवार को गोपाष्टमी पर्व श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्रीरामानुज संप्रदाय की इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा तीर्थपीठ के पीठाधीश्वर अनंतश्री विभूषित श्रीमद् जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्रीपुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज के सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने श्रीनारायण गौशाला में गायों का पूजन किया और सेवा की। श्रीनारायण गौशाला में आयोजित गोपाष्टमी पर्व कार्यक्रम में फरीदाबाद महानगर की प्रथम नागरिक महापौर श्रीमति प्रवीण जोशी, हरियाणा भाजपा के प्रांतीय महामंत्री गोपाल शर्मा आदि गणमान्य व्यक्तियों ने विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गौ-पूजन किया और श्रीसिद्धदाता आश्रम द्वारा संचालित विभिन्न प्रकल्पों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

सभी श्रद्धालुओं ने गाय की आरती उतारी और उन्हें हरा चारा, गुड़ व पौष्टिक गोग्रास खिलाया। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए स्वामी जी महाराज ने गावो विश्वस्य मातर: के भाव को समझाते हुए दार्शनिक और आध्यात्मिक दृष्टि से गोपाष्टमी के गूढ़ महत्व और गौ-सेवा की महिमा पर सारगर्भित प्रवचन दिया। स्वामी जी महाराज ने कहा कि विशिष्टाद्वैत दर्शन में इस चराचर जगत का प्रत्येक प्राणी परमात्मा का ही शरीर है। उन सभी प्राणियों में गौमाता का स्थान सर्वोच्च है, क्योंकि वेदों में ‘गावो विश्वस्य मातर:’ कहकर उन्हें संपूर्ण विश्व की माता के रूप में प्रतिष्ठित किया गया है। जब कोई भक्त गौमाता की सेवा करता है, तो वह वास्तव में भगवान के सबसे प्रिय स्वरूप की ही पूजा करता है।

भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं अपने अवतार काल में गोचारण लीला के माध्यम से यह सिद्ध किया कि वे ‘गोपाल’ और ‘गोविंद’ कहलाने में सर्वाधिक आनंद का अनुभव करते हैं। कलियुग में कठिन तपस्या और लंबे योग साधना के मार्ग सबके लिए सुलभ नहीं हैं। ऐसे समय में भगवान के चरणों में पूर्ण समर्पण और उनके प्रिय जीवों की रक्षा करना ही मोक्ष का सबसे सरल द्वार है। सच्चे मन से की गई गौ-सेवा मनुष्य के अनंत जन्मों के संचित पापों का नाश करती है। गौमाता के शरीर में तैंतीस कोटि देवी-देवताओं का वास माना गया है, इसलिए गाय की परिक्रमा और सेवा करने से समस्त तीर्थों और देवताओं की पूजा का फल सहज ही प्राप्त हो जाता है। गौमाता केवल आध्यात्मिक उन्नति का ही माध्यम नहीं हैं, बल्कि गौ से प्राप्त पंचगव्य (दूध, दही, घी, गोमूत्र और गोमय) मानव जीवन को अनेक प्रकार की शारीरिक और मानसिक व्याधियों से मुक्त रखने में सक्षम हैं। भारतीय संस्कृति और आयुर्वेद का मूल आधार ही गौ-संरक्षण पर टिका हुआ है,इसलिए सभी को गौधन का संरक्षण करना चाहिए। इस अवसर पर गाय पूजन के साथ ही स्वामी जी महाराज ने श्रद्धालुओं का आशीर्वाद और भोजन प्रसाद दिया।

You might also like
Leave A Reply

Your email address will not be published.